Bastar Farmers Protest: मुआवजा नहीं तो हाईवे जाम! 11 दिसंबर को सड़क पर उतरेगा बस्तर का किसान

जगदलपुर/नवप्रदेश। अतिवृष्टि और बाढ़ ने बस्तर के किसानों (Bastar Farmers Protest) की महीनों की मेहनत पर पानी फेर दिया, लेकिन फसल बर्बादी के बाद राहत और मुआवजे का इंतजार अब तक खत्म नहीं हुआ है। खेतों में तबाही झेल चुके किसानों का सब्र अब जवाब देने लगा है। ज्ञापन, मांग और आश्वासन के बाद भी ठोस राहत नहीं मिलने से नाराज किसानों ने अब सीधे सड़क पर उतरकर अपनी आवाज बुलंद करने का फैसला किया है। किसान संघर्ष समिति ने 11 दिसंबर को राष्ट्रीय राजमार्ग-63 पर चक्काजाम करने का ऐलान किया है। किसानों की दोटूक मांग है कि उन्हें प्रति एकड़ 65,100 रुपये मुआवजा दिया जाए। मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी गई है।

बस्तर में अतिवृष्टि और बाढ़ के कारण धान,मक्का और सब्जियों सहित कई फसलें प्रभावित हुई हैं। हजारों किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। आपदा के बाद प्रभावित किसानों ने मुआवजे के लिए शासन-प्रशासन के सामने अपनी मांग रखी थी। किसानों के मुताबिक,6 नवंबर को भी उन्होंने अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा था। उस समय मांग शासन तक पहुंचाने का आश्वासन मिला, लेकिन किसानों का कहना है कि अब तक राहत के नाम पर कोई ठोस पहल सामने नहीं आई है।

मुआवजे में हो रही देरी को लेकर किसान संघर्ष समिति की बैठक हुई। इसमें सर्वसम्मति से 11 दिसंबर को राष्ट्रीय राजमार्ग-63 पर चक्काजाम करने का निर्णय लिया गया। किसानों ने स्पष्ट कर दिया है कि अब केवल आश्वासन से आंदोलन नहीं रुकेगा। उन्हें फसल नुकसान की भरपाई चाहिए और इसके लिए प्रति एकड़ 65,100 रुपये की मांग पर वे कायम हैं।

सड़क पर चूल्हा जलेगा, वहीं कटेगी रात

किसानों ने आंदोलन को अनिश्चितकालीन रूप देने की चेतावनी दी है। उनका कहना है कि जरूरत पड़ी तो सड़क पर ही भोजन बनाया जाएगा और रात भी वहीं गुजारी जाएगी। मुआवजे की मांग पूरी होने तक आंदोलन से पीछे हटने का सवाल नहीं है। किसानों का दावा है कि यह लड़ाई केवल कुछ गांवों की नहीं, बल्कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित पूरे बस्तर के किसानों के हक और नुकसान की भरपाई से जुड़ी है। अब निगाहें शासन-प्रशासन पर हैं कि 11 दिसंबर से पहले किसानों की मांगों पर कोई ठोस निर्णय लिया जाता है या राष्ट्रीय राजमार्ग पर आंदोलन की स्थिति निर्मित होती है।

16 नवंबर को भी उठाई थी आवाज,अब तक राहत का इंतजार

प्रभावित किसानों ने 6 नवंबर को अपनी समस्याओं और मुआवजे की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा था। किसानों के अनुसार, उनकी मांग शासन तक पहुंचाने का आश्वासन मिला, लेकिन अब तक मुआवजे को लेकर कोई ठोस निर्णय सामने नहीं आया। इसी देरी ने आंदोलन को तेज करने की जमीन तैयार की।

किसानों की तीन टूक मांग

प्रति एकड़ 65,100 रुपये मुआवजा दिया जाए। अतिवृष्टि और बाढ़ से प्रभावित किसानों को नुकसान के अनुरूप राहत मिले। मांग पूरी होने तक 11 दिसंबर से राष्ट्रीय राजमार्ग-63 पर चक्काजाम और अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।

↑
Exit mobile version