Babu Khemani Raipur Raid : बाबू खेमानी के घर रेड में मिलीं 5 लग्जरी कारें, करोड़ों की बेनामी संपत्ति का कच्चा चिट्ठा उजागर

राजधानी रायपुर में महादेव सट्टा ऐप से जुड़कर अपना खुद का नेटवर्क खड़ा करने वाले मास्टरमाइंड बाबू उर्फ गुलशन खेमानी के खिलाफ पुलिस ने शिकंजा (Babu Khemani Raipur Raid) कस दिया है। गंज पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई में शुक्रवार को सट्टेबाज के आमानाका स्थित आलीशान बंगले पर छापेमारी की गई। इस रेड के बाद जो खुलासे हुए हैं, उसने जांच टीम के भी होश उड़ा दिए हैं।

मारुति एन्क्लेव में दबिश, 10 टीमों ने घेरा ठिकाना (Babu Khemani Raipur Raid)

सर्च वारंट लेकर पहुंची पुलिस की 10 अलग-अलग टीमों ने जब ‘मारुति एन्क्लेव’ स्थित बाबू खेमानी के घर पर धावा बोला, तो वहां सट्टे की काली कमाई से खड़ा किया गया विलासिता का ढेर मिला। कार्रवाई के वक्त घर पर बाबू और उसके भाई करण की पत्नियां और मां मौजूद थीं। पुलिस ने चप्पे-चप्पे की तलाशी ली, जिसमें करोड़ों रुपये के निवेश और महंगी संपत्तियों के दस्तावेज बरामद हुए हैं।

बीएमडब्ल्यू से लेकर करोड़ों की जमीन तक

पुलिस की पड़ताल में यह सामने आया है कि सट्टे के अवैध कारोबार से खेमानी भाइयों ने अथाह संपत्ति बटोरी है। मौके से BMW और क्रेटा समेत 5 महंगी लग्जरी कारें जब्त (Babu Khemani Raipur Raid) की गई हैं। इसके अलावा रविभवन में मोबाइल दुकान, जोरापारा में विशाल गोदाम और महासमुंद-बागबाहरा रोड पर करीब 1 एकड़ की बेशकीमती जमीन का भी पता चला है। पुलिस अब बाबू, करण और उनके पिता के बैंक खातों को खंगाल रही है, जहां करोड़ों के संदिग्ध ट्रांजेक्शन होने की आशंका है।

50 से ज्यादा आईडी और ‘म्यूल’ खातों का खेल

जांच में खुलासा हुआ है कि बाबू और करण ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के लिए 50 से अधिक अलग-अलग आईडी चला रहे थे। वे पैसों के लेनदेन के लिए ‘म्यूल अकाउंट्स’ (दूसरों के बैंक खाते) का इस्तेमाल करते थे ताकि पुलिस की नजरों से बच सकें। पहले महादेव सट्टा ऐप से जुड़े रहने के बाद, बाबू ने अपना खुद का स्वतंत्र सिंडिकेट खड़ा कर लिया था।

सोशल मीडिया पर रील और रसूख का दिखावा

खुद को सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बताने वाला बाबू खेमानी इंस्टाग्राम पर अपनी रईसी का प्रदर्शन (Babu Khemani Raipur Raid) करता था। पुलिस को उसके पास से कई आपत्तिजनक और गाली-गलौज वाले वीडियो भी मिले हैं। इतना ही नहीं, शहर के एक पूर्व महापौर के भतीजे के साथ भी बाबू का एक विवादित वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसने इस मामले को और अधिक गरमा दिया है।

कैसे खुला राज?

हाल ही में कबीर नगर में हुई सट्टेबाजी की एक कार्रवाई के दौरान बाबू के चचेरे भाई ओम खेमानी की गिरफ्तारी हुई थी। ओम से मिली कड़ी पूछताछ के बाद ही पुलिस बाबू और करण के इस बड़े रैकेट तक पहुँचने में कामयाब रही। फिलहाल दोनों भाई फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Exit mobile version