Agra Seva Gaushala Raipur : तर्रा में गौ-सेवा का अनूठा संकल्प, जब ‘गौ माता की जय’ के जयघोष के साथ 51 गौमाताओं ने किया नए घर में प्रवेश

अग्र सेवा सोसायटी की उप-समिति, अग्र सेवा गौशाला, (निर्माणाधीन) ग्राम तर्रा में आयोजित आम सभा एजेंडा अनुसार सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के पदाधिकारियों एवं गौशाला निर्माण में विशेष सहयोग प्रदान करने वाले सम्माननीय दानदाताओं के करकमलों से दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।

बैठक में गौशाला के समग्र विकास, अग्र सेवा सोसायटी द्वारा संचालित गोकुल नगर, गोठान के संचालन, अग्र सेवा की जनमानस के लिए अन्य सेवाओ में विस्तार और नई योजनाओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान निर्माणाधीन गौशाला परिसर में अधिकतम सोलर सिस्टम के उपयोग और सर्वसमाज की सेवा के अंतर्गत डायलिसिस पीड़ित मरीजों की सेवा के लिए  सेवा केंद्र प्रारंभ करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी सकारात्मक चर्चा हुई।

साथ ही गौशाला के पर्यावरण संरक्षण और गौमाताओं को शुद्ध व शीतल वातावरण प्रदान करने के लिए  “बुजुर्गों के नाम एक पेड़” प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया, जिसके अंतर्गत सभी सदस्य अपने-अपने पूर्वजों के नाम से कम से कम दो वृक्ष गौशाला प्रांगण में रोपित करेंगे।

गौसेवा के साथ-साथ अन्य जीवों के संरक्षण की भावना को साकार करते हुए गौशाला परिसर में एक “बर्ड्स टावर” (पक्षी आश्रय) के निर्माण कार्य की जानकारी भी साझा की गई, जिसमें पक्षियों के लिए सुरक्षित आश्रय और दाना-पानी की समुचित व्यवस्था की जाएगी। इसका निर्माण कार्य वर्तमान में प्रगति पर है।

बैठक उपरांत पूर्ण रूप से निर्मित शेड क्रमांक 1 का शुभ उद्घाटन, इस शेड के निर्माण में सहयोग प्रदान करने वाले अशोक अग्रवाल (नंदन स्टील) के करकमलों से उनके परिजनों की गरिमामयी उपस्थिति में, वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पंडितजी द्वारा नारियल फोड़कर सम्पन्न हुआ।

उद्घाटन के पश्चात नव-निर्मित शेड में 51 गौमाताओं का मंगल प्रवेश “गौ माता की जय” के जयघोष और पुष्पवर्षा के बीच कराया गया। उपस्थित सभी सदस्यों ने चंदन, अक्षत, पुष्पमाला और आरती के माध्यम से गौमाताओं का पूजन किया और हरा चारा, गुड़ और अपने-अपने घरों से लायी गई रोटियां खिलाकर सेवा भाव व्यक्त किया।

इसी क्रम में गौशाला प्रांगण में निर्मित चारागृह गोदाम का उद्घाटन, इसके निर्माण में सहयोग देने वाले सुरेश गोयल खेदड़िया के करकमलों से संस्था के वरिष्ठजनों की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।

संस्था अध्यक्ष कैलाश अग्रवाल ने बताया कि निकट भविष्य गौमाताओं के लिए सुसज्जित सर्वसुविधायुक्त आश्रय आधुनिक सुविधाओं से युक्त और भी शेड निर्मित किए जा रहे है, जिससे यह अग्र सेवा गौशाला असहाय, लावारिस और वृद्ध गौमाताओं के लिए एक सुरक्षित एवं सेवा-प्रधान आश्रय स्थल के रूप में स्थापित होगी।

इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष कैलाश अग्रवाल, उपाध्यक्ष रमेश अग्रवाल, सचिव राजकुमार अग्रवाल, कोषाध्यक्ष राजेश अग्रवाल, वरिष्ठ सदस्य सुभाष अग्रवाल, दानदाता और अनेक गौभक्त उपस्थित रहे।

Exit mobile version