Smriti Irani CG Visit: छत्तीसगढ़ दौरे पर स्मृति ईरानी, ‘मन की बात’ सुनने के बाद लगेगी BJP नेताओं की क्लास!

भारतीय जनता पार्टी के संगठन को और मजबूत करने तथा आगामी राजनीतिक रणनीति तैयार करने के लिए स्मृति ईरानी आज यानी 25 अक्टूबर से दो दिन के लिए छत्तीसगढ़ के दौरे पर हैं. वह छत्तीसगढ़ की भाजपा प्रदेश प्रभारी हैं. उनके साथ सह प्रभारी सिद्धार्थ शम्भू इस दौरे पर रहेंगे. इस दौरे को प्रदेश भाजपा की सियासत के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है. स्मृति ईरानी पहले दिन लगातार बैठकों के जरिए संगठन के कामकाज की समीक्षा करेंगी. इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष से लेकर जिला अध्यक्षों, पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों और भाजपा कोर ग्रुप के सदस्यों के साथ चर्चा होगी. बैठकों में संगठन की मौजूदा स्थिति, नेताओं की सक्रियता और आगामी राजनीतिक चुनौतियों से निपटने की रणनीति पर फोकस रहेगा.

पीएम मोदी के ‘मन की बात’ से होगी दौरे की शुरुआत

स्मृति ईरानी के दौरे के पहले दिन की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम से होगी. सुबह 11 बजे से 11:30 बजे तक वह पार्टी नेताओं के साथ इस कार्यक्रम को सुनेंगी. इसके तुरंत बाद सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री संगठन और प्रदेश महामंत्रियों के साथ संगठनात्मक बैठक करेंगी. इस बैठक में प्रदेश संगठन की गतिविधियों और पार्टी के कामकाज पर चर्चा होने की संभावना है.

दोपहर 12:30 बजे से 1:30 बजे तक भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक होगी. इसमें संगठन की मजबूती और आगामी रणनीति को लेकर मंथन किया जाएगा. इसके बाद दोपहर 1:30 बजे से 2:30 बजे तक संभाग प्रभारी, सह प्रभारी, जिला प्रभारी, जिला सह प्रभारी और जिला अध्यक्षों की संयुक्त बैठक होगी. इसमें जिलों में संगठन की सक्रियता और जमीनी स्तर पर पार्टी की स्थिति पर चर्चा हो सकती है.

स्मृति ईरानी की कोर ग्रुप के साथ अहम बैठक

दोपहर की बैठकों के बाद शाम 3:30 बजे से 5 बजे तक स्मृति ईरानी पूर्व सांसदों और पूर्व विधायकों के साथ बैठक करेंगी. इसके बाद शाम 5:30 बजे से 7 बजे तक भाजपा के पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों के साथ संवाद होगा. प हले दिन की सबसे महत्वपूर्ण बैठक शाम 7 बजे से रात 8:30 बजे तक प्रस्तावित है. इस दौरान भाजपा कोर ग्रुप के साथ संगठनात्मक और राजनीतिक मुद्दों पर मंथन होगा. माना जा रहा है कि इन बैठकों से मिले फीडबैक के आधार पर प्रदेश में पार्टी की आगामी रणनीति को दिशा दी जाएगी. दो दिवसीय दौरे के पहले दिन का पूरा फोकस संगठन की समीक्षा, नेताओं के बीच समन्वय और भाजपा की राजनीतिक मजबूती पर रहेगा.

↑
Exit mobile version