अगर आपके मोबाइल में अभी भी पुराना आधार ऐप मौजूद (Aadhaar App) है, तो अब उसे बदलने का समय आ गया है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण ने 30 जून से पुराने एम आधार ऐप की सेवा बंद कर दी है। इसके बाद अब सभी उपयोगकर्ताओं को नया आधार ऐप इस्तेमाल करना होगा।
पिछले कई सप्ताह से उपयोगकर्ताओं को लगातार सूचना दी जा रही थी कि पुराना ऐप रिटायर किया जा रहा है। अब इसकी जगह नया आधार ऐप उपलब्ध है, जिसमें पहले की तुलना में ज्यादा सुरक्षा, बेहतर गोपनीयता और कई नए फीचर जोड़े गए हैं।
आज से काम नहीं करेगा पुराना ऐप Aadhaar App
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण ने 30 जून 2026 से पुराने एम आधार ऐप को पूरी तरह बंद कर दिया है। अब यह ऐप किसी भी सेवा के लिए काम नहीं करेगा।
नया आधार ऐप एंड्रॉयड उपयोगकर्ता गूगल प्ले स्टोर और आईफोन उपयोगकर्ता ऐप स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं। ऐप डाउनलोड करते समय यह जरूर जांच लें कि उसका डेवलपर और पब्लिशर यूआईडीएआई ही हो, क्योंकि आधार के नाम से कई फर्जी ऐप भी मौजूद हैं।
नए ऐप में मिलेंगे एडवांस सुरक्षा फीचर
नए आधार ऐप में पहले से अधिक सुरक्षित तकनीक का उपयोग किया गया है। इसमें सिम बाइंडिंग और फेस रिकग्निशन जैसी सुविधाएं दी गई हैं। यदि आपके मोबाइल में पंजीकृत सिम उपलब्ध नहीं होगा, तो ऐप स्वतः लॉगआउट हो जाएगा। इससे अनधिकृत व्यक्ति आपके आधार की जानकारी तक आसानी से नहीं पहुंच पाएगा।
क्यूआर सत्यापन से बढ़ेगी गोपनीयता
नए ऐप में क्यूआर कोड आधारित सत्यापन की सुविधा भी दी गई है। इसके जरिए आधार नंबर, पता और अन्य निजी जानकारी साझा किए बिना पहचान सत्यापित की जा सकेगी। साथ ही उपयोगकर्ता जरूरत पड़ने पर मास्क्ड आधार भी साझा कर सकेंगे, जिससे आधार संख्या पूरी तरह दिखाई नहीं देगी और दुरुपयोग की संभावना कम होगी।
घर बैठे मिलेंगी कई आधार सेवाएं
नए आधार ऐप के जरिए पता अपडेट, मोबाइल नंबर से जुड़ी सेवाएं और अन्य कई आधार सुविधाओं का लाभ (Aadhaar App) लिया जा सकेगा। अब कई कामों के लिए आधार की फिजिकल कॉपी साथ रखने की जरूरत भी कम हो जाएगी, क्योंकि डिजिटल आधार का सुरक्षित उपयोग किया जा सकेगा।
ऐसे डाउनलोड करें नया आधार ऐप
अपने मोबाइल में गूगल प्ले स्टोर या ऐप स्टोर खोलें।
आधार ऐप सर्च करें और केवल यूआईडीएआई द्वारा जारी आधिकारिक ऐप ही इंस्टॉल करें।
ऐप इंस्टॉल करने के बाद लॉगिन करें और फेस रिकग्निशन, क्यूआर सत्यापन, बेहतर गोपनीयता और अन्य नई सुविधाओं का उपयोग शुरू करें।
