4082 प्रकरण दर्ज, 2597 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित

रायपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। वर्ष 2026 में अब तक ड्रंक एंड ड्राइव के 4082 प्रकरणों में वैधानिक कार्रवाई की जा चुकी है। इनमें 2597 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।

यातायात पुलिस के अनुसार, शराब या अन्य नशीले पदार्थों का सेवन कर वाहन चलाना वाहन चालक के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य वाहन चालकों, यात्रियों और पैदल राहगीरों के लिए भी गंभीर खतरा है। इसी को देखते हुए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नियमित जांच अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस ने बताया कि नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए 2597 चालकों के लाइसेंस निलंबन के लिए प्रकरण परिवहन विभाग को भेजे गए थे। परिवहन विभाग ने सभी 2597 प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए संबंधित चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं।

यातायात पुलिस अब केवल मौके पर चालान या अन्य कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि नियमों के अनुसार लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया भी सुनिश्चित कर रही है। इस कदम का उद्देश्य नशे में वाहन चलाने की प्रवृत्ति पर रोक लगाना और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करना है।

पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि शराब पीने के बाद वाहन न चलाएं। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। साथ ही, यातायात नियमों का पालन करें और परिवार के सदस्यों एवं परिचितों को भी नशे में वाहन चलाने से रोकने के लिए प्रेरित करें।

यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने स्पष्ट किया है कि ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ जांच और वैधानिक कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने नागरिकों से जिम्मेदार वाहन चालक बनने और सड़क सुरक्षा में सहयोग करने की अपील की है।

↑
Exit mobile version