Site icon Navpradesh

हमारी सरकार सुशासन और पारदर्शिता के प्रति प्रतिबद्ध- CM विष्णुदेव साय

Our government is committed to good governance and transparency - CM Vishnudev Sai

CM Vishnudev Sai

रायगढ़ । विकासखंड लैलूंगा के ग्राम-झगरपुर में कोलता समाज द्वारा आयोजित श्री श्री रणेश्वर रामचंडी मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन भव्य धार्मिक उत्साह और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन स्वामी आत्मानंद शासकीय हिन्दी माध्यम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय झगरपुर परिसर में किया गया, जहाँ मुख्यमंत्री का समाज के पदाधिकारियों ने पारंपरिक गजमाला पहनाकर और तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की आत्मा उसकी संस्कृति और परंपराओं में बसती है। जहां नारी का सम्मान होता है, वहीं ईश्वर का वास होता है। उन्होंने माता-पिता को सच्चा ईश्वर बताते हुए कहा कि यदि माता-पिता प्रसन्न हैं तो सभी देवी-देवता प्रसन्न रहते हैं। उन्होंने सभी से अपने घर के बड़ों के प्रति सम्मान और सेवा भाव बनाए रखने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार “सुशासन, पारदर्शिता और विकास” के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। इसके लिए ई गवर्नेंस की शुरूआत हो चुकी है। साथ ही भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि सरकार बनने के 18 से 19 माह के भीतर मोदी की अधिकांश गारंटियों को पूरा कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि किसानों को दो वर्षों का बकाया बोनस दिया गया, धान खरीदी की सीमा 15 से बढ़ाकर 21 क्विंटल प्रति एकड़ की गई। समर्थन मूल्य 3100 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया।

महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख महिलाओं को प्रति माह 1,000 रुपए की सहायता दी जा रही है। 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं। भूमिहीन मजदूर सहायता योजना, तेंदूपत्ता खरीदी 5500 रुपए प्रति मानक बोरा, रामलला दर्शन योजना और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना जैसी योजनाएं जनहित में संचालित हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ संसाधनों से समृद्ध राज्य है। जनसहयोग और संसाधनों के सही उपयोग से हम विकास के नए अध्याय लिख रहे हैं। छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ यह सिर्फ नारा नहीं, हमारी कार्यसंस्कृति है।”

Exit mobile version