आईपीएल 2026 की तैयारियों के बीच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के तेज गेंदबाज यश दयाल ने अपनी निजी जिंदगी में नई शुरुआत (Yash Dayal Wedding) कर ली है। यश दयाल ने कंटेंट क्रिएटर और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर श्वेता पुंडीर के साथ शादी कर ली है।
दोनों ने बेहद निजी समारोह में सात फेरे लिए, जिसकी जानकारी लंबे समय तक सार्वजनिक नहीं की गई। बाद में शादी से जुड़ी तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आईं, जिसके बाद यह खबर तेजी से चर्चा में आ गई।
बताया जा रहा है कि यह शादी 4 फरवरी को नोएडा में एक सीमित समारोह में हुई थी। कार्यक्रम को पूरी तरह निजी रखा गया था, जिसमें केवल दोनों परिवारों के सदस्य और करीबी दोस्त शामिल हुए। शादी की तस्वीरें सामने आने के बाद फैंस भी इस खबर को लेकर उत्साहित नजर आए और सोशल मीडिया पर दोनों को शुभकामनाएं देने लगे।
कौन हैं श्वेता पुंडीर(Yash Dayal Wedding)
यश दयाल की पत्नी श्वेता पुंडीर सोशल मीडिया की दुनिया में एक जाना-पहचाना नाम हैं। वह एक कंटेंट क्रिएटर और डिजिटल इंफ्लुएंसर (Yash Dayal Wedding) के रूप में सक्रिय हैं। इंस्टाग्राम पर उनके करीब छह लाख फॉलोअर्स बताए जाते हैं और वह अपने वीडियो, लाइफस्टाइल कंटेंट और व्लॉग्स के लिए जानी जाती हैं।
दिल्ली से ताल्लुक रखने वाली श्वेता पुंडीर पहले भी खेल से जुड़े कुछ इवेंट्स में नजर आ चुकी हैं। उन्होंने इंटरकॉन्टिनेंटल लीजेंड्स लीग के दौरान ब्रॉडकास्ट टीम के साथ काम किया था। उनके सोशल मीडिया प्रोफाइल के अनुसार वह खुद को आर्टिस्ट, कंटेंट क्रिएटर और व्लॉगर के रूप में पेश करती हैं।
यश दयाल का क्रिकेट करियर
यश दयाल भारतीय घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में अपनी तेज गेंदबाजी के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने आईपीएल में अपना डेब्यू गुजरात टाइटंस की ओर से किया था और बाद में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से जुड़े। आईपीएल 2026 के लिए आरसीबी फ्रेंचाइजी ने उन्हें पांच करोड़ रुपये में रिटेन किया है, जिससे टीम की गेंदबाजी लाइनअप में उनकी अहम भूमिका मानी जा रही है।
2023 के आईपीएल सीजन में एक मुकाबले के दौरान उनके एक ओवर में लगातार पांच छक्के लगने की घटना भी काफी चर्चा में रही थी। हालांकि इसके बाद उन्होंने अगले सीजन में बेहतर प्रदर्शन करते हुए वापसी की और टीम के लिए महत्वपूर्ण गेंदबाज के रूप में उभरे।
विवादों में भी रहा नाम
पिछले साल यश दयाल का नाम विवादों (Yash Dayal Wedding) में भी आया था। उनके खिलाफ दो अलग-अलग मामलों में गंभीर आरोप लगाए गए थे। एक मामले में जयपुर की एक नाबालिग से जुड़े आरोपों के आधार पर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी, जबकि गाजियाबाद की एक महिला ने भी शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण का आरोप लगाया था। इन मामलों को लेकर काफी समय तक चर्चा होती रही।
फिलहाल यश दयाल की शादी की खबर सामने आने के बाद एक बार फिर वह सुर्खियों में आ गए हैं। आईपीएल 2026 से पहले उनकी यह नई शुरुआत क्रिकेट और निजी जिंदगी दोनों के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
