Women’s prosperity scheme approved in Delhi: नई दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जो एक लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया है। उसमें भाजपा के चुनावी वादे को पूरा करने के लिए महिला समृद्धि योजना के लिए 5100 करोड़ रूपये आबंटित किये गये हैं। इस तरह महिला समृद्धि योजना पर अब नई दिल्ली सरकार ने सहमति की मुहर लगा दी है। गौरलतब है कि महिला सशक्तिकरण के लिए भाजपा ने महिलाओं को हर माह ढाई हजार रूपये देने का चुनावी वादा किया था और इसका महिला मतदाताओं पर प्रभाव भी पड़ा था।
नतीजतन भाजपा प्रचंड बहुमत से नई दिल्ली में अपनी सरकार बनाने में सफल हुई थी। महिलाओं को ढाई हजार रुपए महीना तत्काल देने की मांग को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी लगातार भाजपा पर हमला करती रहीं और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर भी महिलाओं के साथ वादा खिलाफ करने का आरोप लगाती रही है। दरअसल आतिशी यह चाहती थी कि भाजपा सरकार आनन फानन में यह योजना लागू कर दे ताकि अपात्र महिलाओं को भी इसका लाभ मिल जाये।
और इतनी बड़ी संख्या में महिलाओं को ढाई हजार रूपये महीना देने में नई दिल्ली सरकार को संकट का सामना करना पड़े। वैसे भी आम आदमी पार्टी की सरकार ने सरकारी खजाने पर झाड़ू फेर दिया था। आतिशी के विधवा विलाप की अनसुनी कर नई दिल्ली सरकार ने पहले पात्र महिलाओं के चयन का काम शुरू किया और अब इसके लिए नियम और शर्तें तय कर दी है।
इसके बाद अब बजट में भी महिला समृद्धि योजना के लिए एक बड़ी राशि का प्रावधान कर दिया गया है। बहुत जल्द अब नई दिल्ली की पात्र महिलाओं के खाते में ढाई हजार रुपये की पहली किस्त जमा होने की संभावना है। बहरहाल भाजपा ने अपना चुनावी वादा पूरा कर आम आदमी पार्टी को करारा झटका दे दिया है।