सक्ती/नवप्रदेश। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर एक हृदयविदारक हादसा हो गया। प्लांट के भीतर अचानक बॉयलर फटने से हुए जोरदार धमाके की चपेट में आने से 9 श्रमिकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 35 से अधिक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं। प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर राहत कार्य में जुटी है।
लंच के ठीक बाद हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, हादसा दोपहर करीब 2:00 बजे हुआ। उस समय प्लांट में सामान्य कामकाज चल रहा था, तभी अचानक बॉयलर के हिस्से (टूयूब) में विस्फोट हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास काम कर रहे मजदूरों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में हादसे की वजह टूयूब का फटना माना जा रहा है।
राहत कार्य
घटना की सूचना मिलते ही सक्ती एसपी प्रफुल्ल ठाकुर दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारिक तौर पर 9 मजदूरों की मौत की पुष्टि की है। दमकल की गाडिय़ाँ और एम्बुलेंस तत्काल मौके पर भेजी गईं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल रायगढ़ रेफर किया गया है।
विस्फोट में घायल हुए लगभग 15 लोगों को रायगढ़ के जिंदल फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, कई घायलों की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है। प्रशासन ने अस्पताल प्रबंधन को हाई अलर्ट पर रखा है ताकि घायलों को समय पर चिकित्सा मिल सके।
