सोमवार को नागदा-रूपेटा रोड पर दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने टक्कर ने तीन परिवारों की दुनिया (Ujjain Bike Collision) उजाड़ दी। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी और आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों वाहन अत्यधिक गति में थे और टक्कर के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के अनुसार राहुल पिता प्रकाश गुर्जर, मूल निवासी हरियाणा, झुटावद में डाक विभाग में पदस्थ थे और बाइक पर अकेले (Ujjain Bike Collision) सवार थे। दूसरी ओर से आ रही बाइक पर अनवर पिता सलीम, निवासी सदर बाजार इंदौर, और जैनुल आबेद पिता मोहम्मद हुसैन, निवासी देपालपुर, सवार थे। दोनों आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। आमने-सामने हुई टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों को सिर में गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस टीम पहुंची, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मंडी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। प्रारंभिक जांच में ओवरस्पीड को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नागदा से महिदपुर रोड तक का यह हिस्सा लगातार दुर्घटनाओं के कारण बदनाम होता जा रहा है। बीते 28 जनवरी को भी इसी मार्ग पर एक जीप की टक्कर से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल (Ujjain Bike Collision) हुए थे। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क पर स्पीड कंट्रोल के पुख्ता इंतजाम, चेतावनी संकेत और नियमित गश्त बढ़ाई जाए, ताकि ऐसे हादसों पर रोक लग सके।
पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। एक ही क्षण में तीन जिंदगियों का इस तरह खत्म हो जाना पूरे इलाके को शोक में डुबो गया है।
