रायपुर। दीपावली की रात लक्ष्मी पूजन के दौरान घर में प्रवेश कर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी करने वाले दो आरोपियों को गुढ़ियारी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के एक घंटे से भी कम समय में दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर चोरी गए लगभग 2.97 लाख रुपये के मशरूके की शत-प्रतिशत बरामदगी की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना थाना गुढ़ियारी क्षेत्र के नया मंगल बाजार की है। दीपावली पर्व पर प्रार्थिया ने लक्ष्मी पूजन के दौरान अपने सोने-चांदी के आभूषण और नगदी रकम पूजा घर में रखी थी। पूजा घर का दरवाजा खुला होने का फायदा उठाकर आरोपियों ने घर में प्रवेश किया और जेवरात व नकदी चोरी कर फरार हो गए।
घटना के दौरान प्रार्थिया के पति बाथरूम जाने के लिए उठे थे। इसी दौरान उन्होंने एक संदिग्ध व्यक्ति को घर से चोरी कर जाते हुए देखा। इसके बाद प्रार्थिया की शिकायत पर थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 522/26, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी नॉर्थ जोन श्रीमती दीपमाला कश्यप के नेतृत्व में, एडीसीपी आदित्य पांडे एवं एसीपी उरला पूर्णिमा लामा के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र साहू की टीम और एसीसीयू की टीम ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की। प्रार्थिया के पति द्वारा बताए गए संदिग्ध के हुलिए के आधार पर पुलिस ने आसपास के संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की। पूछताछ के दौरान चोरी की वारदात का खुलासा हुआ और पुलिस ने एक घंटे से भी कम समय में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
सोने-चांदी के जेवर और 47 हजार रुपये बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए लगभग 2.50 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और 47 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं। इस तरह कुल लगभग 2 लाख 97 हजार रुपये का चोरी गया मशरूका शत-प्रतिशत बरामद कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
- नयन राजपूत (24 वर्ष), पिता रामू ठाकुर, निवासी बच्चन चौक, कुंदरापारा, थाना गुढ़ियारी, रायपुर।
- आर्यन चौहान (19 वर्ष), पिता हीरानंद चौहान, निवासी कलिंग नगर, वतन चिकन सेंटर के पास, थाना गुढ़ियारी, रायपुर।
दोनों आरोपी पूर्व में भी आपराधिक मामलों में संलिप्त
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपी पूर्व में भी विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं। नयन राजपूत के खिलाफ चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट के तहत कुल चार मामले दर्ज हैं। वहीं आर्यन चौहान के खिलाफ लूट एवं आईटी एक्ट के तहत कुल दो मामले दर्ज हैं।
