आज से शुरू होगा ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान, 1 अक्टूबर को सामूहिक श्रमदान

रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान रेलवे स्टेशनों, ट्रेनों, कॉलोनियों और सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान के साथ जनजागरूकता और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान की थीम “स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत” रखी गई है। इसके बाद 1 से 15 अक्टूबर तक स्वच्छता पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा।

अभियान का उद्देश्य रेलवे परिसरों को स्वच्छ बनाने के साथ स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप देना, कचरे का उचित प्रबंधन एवं पृथक्करण, जल संरक्षण और प्लास्टिक के उपयोग को कम करने के प्रति लोगों को जागरूक करना है।

17 और 18 सितंबर को रेलवे स्कूलों एवं कॉलोनियों में विद्यार्थियों और युवाओं के लिए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, कचरा पृथक्करण, जल संरक्षण और स्वच्छता पर जागरूकता कार्यक्रम होंगे। विद्यार्थियों को रेलवे की स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन सुविधाओं का भ्रमण कराया जाएगा। इसके अलावा वाद-विवाद, चित्रकारी और नुक्कड़ नाटक जैसी गतिविधियां भी होंगी।

19 और 20 सितंबर को कचरा संवेदनशील स्थलों एवं चिन्हित सफाई इकाइयों की विशेष सफाई और सौंदर्यीकरण किया जाएगा। 21 और 22 सितंबर को “स्वच्छ स्टेशन-स्वच्छ रेलगाड़ी एवं स्वच्छ सार्वजनिक स्थान” अभियान के तहत स्टेशनों और चयनित ट्रेनों में विशेष सफाई होगी। ट्रेनों के शौचालय, कोच, लिनेन, ऑनबोर्ड हाउसकीपिंग और पेंट्रीकार की स्वच्छता की जांच की जाएगी। स्टेशनों पर गीले और सूखे कचरे के लिए अलग डस्टबिन तथा प्लास्टिक मुक्त प्लेटफॉर्म को बढ़ावा दिया जाएगा।

23 और 24 सितंबर को रेलवे कॉलोनियों में घर-घर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। लोगों को होम कंपोस्टिंग, जैविक खाद, सिंगल यूज प्लास्टिक से बचने और कपड़े के थैलों के इस्तेमाल के लिए प्रेरित किया जाएगा। ‘नेकी की दीवार’ और आरआरआर संग्रह केंद्रों के माध्यम से पुन: उपयोग को भी बढ़ावा मिलेगा।

25 और 26 सितंबर को स्काउट गाइड एवं स्कूली बच्चों के माध्यम से जीरो-वेस्ट थीम पर खेल गतिविधियां होंगी। 27 सितंबर को विरासत एवं पर्यटन स्थलों पर सफाई अभियान चलाकर जिम्मेदार पर्यटन और नागरिक व्यवहार का संदेश दिया जाएगा।

28 और 29 सितंबर को “कबाड़ से कला” थीम के तहत अनुपयोगी रेलवे सामग्री से उपयोगी वस्तुएं बनाने और प्लास्टिक पुनर्चक्रण को प्रोत्साहित किया जाएगा। 30 सितंबर को सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर में स्वास्थ्य जांच, सुरक्षा सामग्री एवं पीपीई किट का वितरण तथा सामाजिक कल्याण योजनाओं से जोड़ने की पहल होगी। सफाई मित्रों और स्वच्छताग्रहियों को सम्मानित भी किया जाएगा।

1 अक्टूबर को ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ थीम पर सामूहिक श्रमदान होगा। इसमें रेलकर्मियों, उनके परिवारों और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। वहीं 2 अक्टूबर को स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर विभिन्न स्वच्छता एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Exit mobile version