छत्तीसगढ़ शासन के रोजगार एवं प्रशिक्षण विभाग के तत्वावधान में राजधानी रायपुर में (State Level Employment Fair) राज्य स्तरीय रोजगार मेले का भव्य आयोजन 29 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक किया जा रहा है। यह रोजगार मेला प्रतिदिन सुबह 10 बजे से अपरांह 3ः30 बजे तक शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय, सेजब्हार रायपुर परिसर में आयोजित होगा। इस आयोजन का उद्देश्य प्रदेश के शिक्षित एवं प्रशिक्षित युवाओं को निजी और अर्धशासकीय क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
रोजगार एवं प्रशिक्षण विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गौरेला–पेण्ड्रा–मरवाही (जीपीएम) जिले के युवाओं के लिए विशेष रूप से 31 जनवरी 2026 की तिथि निर्धारित की गई है। जिले के कुल 1404 पंजीकृत आवेदकों को इस तिथि को रोजगार मेले में भाग लेने का अवसर मिलेगा। जिला प्रशासन द्वारा युवाओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि पर समय से उपस्थित होकर इस (State Level Employment Fair) राज्य स्तरीय रोजगार मेले का पूरा लाभ उठाएं।
इस रोजगार मेले में 45 से अधिक प्रतिष्ठित नियोक्ता कंपनियां भाग ले रही हैं, जिनके माध्यम से 15 हजार से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। रोजगार के अवसर आई.टी., बैंकिंग, बीमा, सेल्स, सोलर एनर्जी, मैन्युफैक्चरिंग, लॉजिस्टिक्स, सर्विस सेक्टर सहित अन्य विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध कराए जाएंगे। यह मेला प्रदेश के युवाओं के लिए निजी क्षेत्र में सीधा रोजगार पाने का एक बड़ा मंच साबित हो रहा है।
नियोक्ताओं से संबंधित विस्तृत जानकारी जैसे—रिक्त पदों की संख्या, आवश्यक शैक्षणिक योग्यता, अनुभव, वेतनमान, कार्यस्थल और चयन प्रक्रिया की जानकारी ई-रोजगार पोर्टल
https://erojgar.cg.gov.in/
तथा छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप के माध्यम से प्राप्त की जा सकती है। युवाओं को सलाह दी गई है कि वे मेला स्थल पर पहुंचने से पहले पोर्टल या ऐप के माध्यम से आवश्यक जानकारी अवश्य देख लें, जिससे साक्षात्कार की प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी हो सके।
रोजगार मेले में भाग लेने के लिए इच्छुक आवेदकों को ई-रोजगार पोर्टल अथवा छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य है। जिन आवेदकों ने पूर्व में आवेदन कर लिया है, उन्हें पुनः आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी। आवेदक उन पदों का ऑनलाइन चयन कर सकते हैं, जिनमें वे रोजगार प्राप्त करने के इच्छुक हैं। इसके पश्चात पोर्टल या ऐप से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर मेला स्थल पर साक्षात्कार हेतु उपस्थित होना होगा।
साक्षात्कार के समय आवेदकों को अपने साथ रोजगार पंजीयन प्रमाण पत्र, शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, अनुभव प्रमाण पत्र (यदि उपलब्ध हो), सभी दस्तावेजों की मूल प्रति एवं स्व-सत्यापित छायाप्रति तथा पासपोर्ट साइज के दो नवीनतम फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा। रोजगार मेले की पूरी प्रक्रिया युवाओं के लिए पूर्णतः निःशुल्क रखी गई है, ताकि अधिक से अधिक युवा बिना किसी आर्थिक बोझ के इसमें भाग ले सकें।
मेले के दौरान युवाओं की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई है, जहां से रोजगार मेले से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। इसके अतिरिक्त जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र गौरेला से भी संपर्क किया जा सकता है। इस संबंध में तीरथराम मरकाम (मो. 9754094200) एवं सुरेश बेहरा (मो. 7389504991) को संपर्क अधिकारी नियुक्त किया गया है।
प्रशासन का मानना है कि यह (State Level Employment Fair) राज्य स्तरीय रोजगार मेला न केवल युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करेगा, बल्कि प्रदेश में कौशल विकास और आत्मनिर्भरता को भी नई दिशा देगा।

