Sitapur MLA Controversy : विधायक पर मारपीट का आरोप लगाने वाले नायब तहसीलदार हटाए गए, कलेक्टर ने जारी किया आदेश

सरगुजा जिले के सीतापुर में विधायक पर मारपीट का आरोप लगाने वाले नायब तहसीलदार तुषार मानिक को उनके पद से हटा (Sitapur MLA Controversy) दिया गया है। कलेक्टर अजीत वसंत द्वारा जारी आदेश के अनुसार तुषार मानिक को राजापुर उप तहसील से हटाकर अंबिकापुर कलेक्टर कार्यालय से संबद्ध किया गया है।

जारी आदेश के मुताबिक राजापुर उप तहसील का अतिरिक्त प्रभार मैनपाट के तहसीलदार उमेश बाज को सौंपा गया है। बताया जा रहा है कि यह आदेश 3 जून को जारी किया गया था, जिसे अब सार्वजनिक किया गया है।

क्या है पूरा मामला? : Sitapur MLA Controversy

बीते 27 मई को नायब तहसीलदार तुषार मानिक ने सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों पर राजापुर में बुलाकर मारपीट करने का आरोप लगाया था। शिकायत के आधार पर विधायक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।

वहीं दूसरी ओर विधायक पक्ष ने भी नायब तहसीलदार पर विधायक की बहन के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया था। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर काउंटर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की थी।

प्रदेशभर में हुई थी हड़ताल

घटना के विरोध में प्रदेशभर के तहसीलदार और नायब तहसीलदार हड़ताल पर चले (Sitapur MLA Controversy) गए थे। कर्मचारी संगठनों ने विधायक की गिरफ्तारी की मांग की थी। बाद में विधायक समर्थकों में शामिल दो नामजद आरोपियों के आत्मसमर्पण और अन्य आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के आश्वासन के बाद हड़ताल स्थगित कर दी गई थी।

एसडीएम के तबादले की भी चर्चा

नायब तहसीलदार के हटाए जाने के बाद अब सीतापुर एसडीएम के तबादले की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। विधायक समर्थकों ने दोनों अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। उल्लेखनीय है कि घटना के बाद एसडीएम ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि मारपीट की घटना उनके सामने हुई थी और उन्होंने नायब तहसीलदार के आरोपों की पुष्टि भी की थी।

Exit mobile version