Shramdaan: सरकार नहीं बना पाई पुल तो ग्रामीणों ने उठाया जिम्मा : 25 गांवों ने श्रमदान से बनाई राह, चुनाव बहिष्कार की दी चेतावनी

बीजापुर/नवप्रदेश। नक्सलवाद के प्रभाव से मुक्त क्षेत्रों में विकास और मूलभूत सुविधाएं (Shramdaan) पहुंचाने के दावों के बीच बीजापुर जिला मुख्यालय से करीब 17 किलोमीटर दूर वेरुदी नदी पार बसे 25 गांव आज भी पुल के अभाव में परेशान हैं। बैलाडीला की पहाडिय़ों से निकलने वाली वेरुदी नदी इन गांवों के लिए आवागमन की बड़ी बाधा बनी हुई है। ग्रामीण पिछले कई वर्षों से नदी पर पुल निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी मांग पूरी नहीं हुई है।

25 गांवों के लिए वेरुदी नदी बनी विकास में बाधा

बीजापुर जिला मुख्यालय से लगभग 17 किलोमीटर दूर स्थित कोटेर गांव समेत वेरुदी नदी पार के करीब 25 गांव आज भी बुनियादी सुविधाओं और विकास की मुख्यधारा से दूर हैं। कोटेर ग्राम पंचायत रेड्डी का आश्रित गांव है। नदी के दूसरी ओर बसे इन गांवों के ग्रामीणों की निर्भरता जिला मुख्यालय बीजापुर और नदी के इस पार लगने वाले साप्ताहिक बाजारों पर है। लेकिन वेरुदी नदी पर पुल नहीं होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

हर साल श्रमदान से बनाते हैं अस्थायी पुल

वेरुदी नदी पर स्थायी पुल निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीण कई बार कलेक्टर, विभागीय अधिकारियों और जिले के प्रभारी मंत्री तक आवेदन दे चुके हैं। इसके बावजूद अब तक पुल निर्माण की स्वीकृति नहीं मिल पाई है। सरकारी स्तर पर समाधान नहीं होने के चलते ग्रामीण हर साल खुद श्रमदान कर नदी पर अस्थायी पुल बनाते हैं। इसके लिए ग्रामीण अपने ट्रैक्टर और अन्य वाहनों की मदद से नदी में रास्ता तैयार करते हैं, ताकि किसानों का धान मंडियों तक पहुंच सके और क्षेत्र में उत्पादित वनोपज एवं सब्जियों को बाजार में बेचने के लिए ले जाया जा सके।

6 महीने तक टापू बन जाते हैं गांव

ग्रामीणों के मुताबिक, बारिश के दौरान वेरुदी नदी उफान पर आ जाती है, जिससे नदी पार बसे करीब 25 गांवों का संपर्क लगभग छह महीने तक मुख्यालय और आसपास के इलाकों से कट जाता है। इस दौरान बच्चों का स्कूल पहुंचना मुश्किल हो जाता है। स्वास्थ्य सुविधाएं भी गांवों तक नहीं पहुंच पातीं और ग्रामीण जरूरी कामों के लिए जिला मुख्यालय नहीं जा पाते। बेहद जरूरी होने पर लोग ट्यूब के सहारे नदी पार कर आवाजाही करते हैं।

तीन दिन के श्रमदान से तैयार किया पुल

इस साल भी स्थायी पुल की मांग पूरी नहीं होने पर ग्रामीणों ने लगातार तीन दिनों तक श्रमदान कर नदी पर अस्थायी पुल तैयार किया है। ग्रामीणों ने ढ्ढहृ॥ 24 की टीम को फोन कर इसकी जानकारी दी और बताया कि वे अपनी समस्या सरकार तक पहुंचाना चाहते हैं। मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि बड़ी संख्या में ग्रामीण मिलकर पुल निर्माण में जुटे हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह अस्थायी पुल उन्हें रोजमर्रा की जरूरतों का सामान जुटाने, साप्ताहिक बाजार पहुंचने और धान मंडियों तक उपज ले जाने में मदद करेगा।

पुल नहीं बना तो चुनाव बहिष्कार की चेतावनी

ग्रामीणों ने सरकार से वेरुदी नदी पर स्थायी पुल निर्माण की मांग को गंभीरता से लेने की अपील की है। उनका कहना है कि यदि इस साल पुल निर्माण को स्वीकृति नहीं मिली और उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे आने वाले सभी चुनावों का बहिष्कार करेंगे। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि चुनाव बहिष्कार का फैसला किसी एक राजनीतिक दल या सरकार के खिलाफ नहीं, बल्कि वर्षों से उपेक्षित उनकी मांग को लेकर होगा।

↑
Exit mobile version