रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) द्वारा जारी ग्रुप डी भर्ती परीक्षा 2026 की आंसर-की पर आपत्ति दर्ज करने की प्रक्रिया आज समाप्त (RRB Group D Answer Key 2026) होने जा रही है। जिन उम्मीदवारों को किसी प्रश्न या उत्तर पर संदेह है, वे संबंधित रीजनल RRB की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑब्जेक्शन दर्ज कर सकते हैं। यह प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से ही पूरी की जा सकती है और इसके लिए उम्मीदवारों को निर्धारित शुल्क का भुगतान करना होगा।
रेलवे भर्ती बोर्ड के अनुसार, किसी भी प्रश्न पर आपत्ति दर्ज करने के लिए उम्मीदवारों को प्रति प्रश्न 50 रुपये शुल्क देना होगा। इसके अलावा बैंक द्वारा लागू सर्विस चार्ज भी अतिरिक्त रूप से देना होगा। यदि उम्मीदवार द्वारा उठाई गई आपत्ति सही पाई जाती है, तो 50 रुपये की फीस बैंक चार्ज काटकर उम्मीदवार के उसी खाते में वापस कर दी जाएगी, जिससे भुगतान किया गया था।
उम्मीदवारों को ऑब्जेक्शन दर्ज करने के लिए सबसे पहले अपने संबंधित रीजनल RRB की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। इसके बाद होमपेज पर उपलब्ध “RRB Group D Answer Key 2026 Objection” लिंक पर क्लिक करना होगा। लॉगिन पेज खुलने पर उम्मीदवारों को अपनी रजिस्ट्रेशन आईडी और पासवर्ड दर्ज करना होगा, जिसके बाद आंसर-की स्क्रीन पर दिखाई देगी। इसके बाद उम्मीदवार उस प्रश्न का चयन कर सकते हैं, जिस पर वे आपत्ति दर्ज करना चाहते हैं। आपत्ति दर्ज करते समय संबंधित दस्तावेज अपलोड करना और निर्धारित शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करना अनिवार्य होगा।
ऑब्जेक्शन दर्ज करने के बाद उम्मीदवारों को कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड कर सुरक्षित रखना चाहिए, ताकि भविष्य में किसी भी आवश्यकता के समय उसका उपयोग किया जा सके। रेलवे भर्ती बोर्ड द्वारा सभी आपत्तियों की जांच के बाद अंतिम आंसर-की जारी की जाएगी, जिसके आधार पर परीक्षा परिणाम घोषित किया जाएगा।
उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर ही अपनी आपत्ति दर्ज करें, क्योंकि अंतिम तिथि के बाद किसी भी प्रकार की आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी।

