रायपुर। पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा (Durga Puja) मनाने जाने वाले रायपुर के यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। 15 से 22 अक्टूबर के बीच हावड़ा और शालीमार रूट (Howrah-Shalimar Route) पर चलने वाली अधिकांश ट्रेनों में एक महीने पहले ही सीटें फुल हो गई हैं। कन्फर्म टिकट (Confirmed Ticket) के लिए यात्रियों को जद्दोजहद करनी पड़ रही है। लगभग हर प्रमुख ट्रेन में वेटिंग लिस्ट (Waiting List) लंबी हो गई है, जबकि कई श्रेणियों में बुकिंग रिग्रेट (Regret) तक पहुंच गई है।
पश्चिम बंगाल में इस वर्ष दुर्गा पूजा की शुरुआत 16 अक्टूबर को महा पंचमी से होगी और 21 अक्टूबर को विजया दशमी के साथ पर्व का समापन होगा। पूजा में शामिल होने के लिए हर साल रायपुर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पश्चिम बंगाल जाते हैं। त्योहार के करीब आते ही ट्रेनों में यात्रियों का दबाव बढ़ गया है और इस बार भी एक महीने पहले से ही अधिकांश ट्रेनों में सीटों का संकट नजर आने लगा है।
हावड़ा दुरंतो और शालीमार एक्सप्रेस में लंबी वेटिंग
रायपुर से कोलकाता जाने वाले यात्रियों के लिए प्रमुख ट्रेन हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस (12261) 15 अक्टूबर को रद्द रहेगी। 16 अक्टूबर को थ्री एसी में 26 वेटिंग है, जबकि एसी-2 और एसी-1 में रिग्रेट की स्थिति बनी हुई है। 18 अक्टूबर को थ्री एसी में 8 और एसी-2 में 4 वेटिंग है। वहीं 21 अक्टूबर को थ्री एसी में 36 और एसी-2 में 7 वेटिंग चल रही है।
शालीमार एसएफ एक्सप्रेस (12905) में 15 और 16 अक्टूबर की यात्रा के लिए स्लीपर, एसी-3 और एसी-2 श्रेणी में सीटें खत्म हो चुकी हैं या लंबी वेटिंग चल रही है। ऐसे में यात्रियों के सामने वैकल्पिक ट्रेनों (Alternative Trains) का विकल्प तलाशने की मजबूरी है।
आजाद हिंद और एलटीटी शालीमार में भी मारामारी
आजाद हिंद एक्सप्रेस (12129) रायपुर से पश्चिम बंगाल जाने वाले यात्रियों की पसंदीदा ट्रेनों में शामिल है। 15, 16 और 17 अक्टूबर को इस ट्रेन के स्लीपर और एसी कोचों में भारी भीड़ है। अधिकांश श्रेणियों में बुकिंग फुल हो चुकी है। 21 और 22 अक्टूबर को भी लंबी वेटिंग लिस्ट बनी हुई है।
एलटीटी शालीमार एक्सप्रेस (18029) में 15 अक्टूबर को स्लीपर में 47 और एसी-3 में 29 वेटिंग दर्ज है। 16 और 17 अक्टूबर को भी लगभग सभी श्रेणियों में लंबी वेटिंग है। हालांकि 21 अक्टूबर को स्लीपर में 16 सीटें, जबकि एसी-3 और एसी-2 में भी सीटें उपलब्ध दिखाई दे रही हैं।
गीतांजलि, हावड़ा मेल और कर्मभूमि में भी नो रूम
ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस (12101) में 17 अक्टूबर को स्लीपर में 49 वेटिंग और एसी-3 में 41 वेटिंग है, जबकि एसी-2 में बुकिंग बंद है। इसी तरह गीतांजलि एक्सप्रेस (12859) और हावड़ा मेल (12809) में 15 से 22 अक्टूबर के बीच अधिकांश श्रेणियों में रिग्रेट या लंबी वेटिंग की स्थिति बनी हुई है।
कर्मभूमि एक्सप्रेस (22511) में 21 अक्टूबर को स्लीपर, एसी-3 और एसी-2 श्रेणी में बुकिंग बंद हो चुकी है। स्लीपर में टिकट कन्फर्म होने की 91 प्रतिशत संभावना बताई जा रही है। त्योहार के दौरान यात्रियों की बढ़ने वाली भीड़ (Festival Rush) को देखते हुए रेलवे की ओर से अतिरिक्त ट्रेनों या अन्य वैकल्पिक व्यवस्था (Special Arrangement) पर विचार किए जाने की संभावना है।
