राजधानी रायपुर में मोबाइल चोरी के संदेह में एक किशोर के साथ पुलिसकर्मियों द्वारा कथित मारपीट का मामला सामने आने के बाद विभाग ने त्वरित कार्रवाई (Raipur Police Suspension) की है। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया में सामने आने के बाद डीसीपी वेस्ट संदीप पटेल ने आरक्षक लक्ष्मीनारायण और आसमान सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच के निर्देश दिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, कमल विहार बस्ती में रहने वाले एक किशोर को मोबाइल चोरी के शक में कमल विहार चौकी लाया गया था। आरोप है कि बिना चौकी प्रभारी की अनुमति और परिजनों की जानकारी के किशोर को पूछताछ के नाम पर चौकी (Raipur Police Suspension) लाया गया। पूछताछ के दौरान किशोर द्वारा चोरी से इनकार करने पर दोनों आरक्षकों ने उसके साथ कथित रूप से मारपीट की।
पीड़ित किशोर ने अपने परिजनों को बताया कि उस पर मोबाइल चोरी कबूल करने के लिए दबाव बनाया गया और इनकार करने पर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से पिटाई की गई। मारपीट के कारण किशोर के शरीर में गंभीर चोटें आई हैं और उसे चलने-फिरने में भी परेशानी हो रही है।
बताया जा रहा है कि दोनों आरक्षक अपने किसी परिचित के मोबाइल चोरी होने के मामले में संदेह के आधार पर किशोर को चौकी लाए थे। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की।
डीसीपी वेस्ट संदीप पटेल ने कहा है कि मामले की विभागीय जांच कराई (Raipur Police Suspension) जाएगी और यदि आरोप सिद्ध होते हैं तो संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और संवेदनशीलता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

