Raipur Police Commissionerate: नशे के खिलाफ पुलिस का बड़ा प्रहार, 6.31 करोड़ की जब्ती, 190 गिरफ्तार

Raipur Police Commissionerate: 85 मामलों में की कार्रवाई, 190 गिरफ्तार

रायपुर/नवप्रदेश। राजधानी में सूखे नशे के कारोबार के खिलाफ रायपुर पुलिस कमिश्नरेट (Raipur Police Commissionerate) ने बड़ी कार्रवाई की है। महज 24 घंटे के भीतर गंज और आमानाका थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पुलिस ने 127 किलो 309 ग्राम गांजा जब्त किया है। करीब 64 लाख रुपए की इस खेप के साथ 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक विधि के साथ संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है। गिरफ्तार आरोपियों में ओडिशा और पश्चिम बंगाल के निवासी भी शामिल हैं। पुलिस अब गांजे की सप्लाई चेन और इसके पीछे सक्रिय नेटवर्क की पड़ताल में जुट गई है।

रेलवे स्टेशन जाने से पहले पकड़े गए 3 तस्कर

एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को 7 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि तीन व्यक्ति ऑटो से गांजा लेकर रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे हैं। पुलिस ने फाफाडीह चौक स्थित यात्री प्रतीक्षालय (Raipur Police Commissionerate) के पास ऑटो रोककर तलाशी ली। इसमें ट्रॉली बैग से 82 किलो 510 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मुकुंद शर्मा, गोपाल वर्मा और संतोष साहू को गिरफ्तार कर 3 मोबाइल भी जब्त किए। जब्त सामग्री की कीमत करीब 41.25 लाख रुपए है।

टाटीबंध में ग्राहक तलाश रहे थे तस्कर

दूसरी कार्रवाई 8 अक्टूबर को आमानाका थाना क्षेत्र के इस्कॉन मंदिर मोड़ के पास हुई। यहां गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे कान्हू डकुआ निवासी ओडिशा और सुमित भट्टाचार्य निवासी पश्चिम बंगाल को गिरफ्तार किया गया। इनके साथ एक नाबालिग भी पकड़ा गया। पुलिस ने इनके कब्जे से 44 किलो 799 ग्राम गांजा जब्त किया, जिसकी कीमत करीब 22.40 लाख रुपए है।

अब सप्लायर से खरीदार तक पहुंचेगी जांच

पुलिस उपायुक्त स्मृतिक राजनाला, तारकेश्वर पटेल और रॉबिनसन गुरिया की निगरानी में हुई कार्रवाई के बाद दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस अब फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर यह पता लगा रही है कि गांजा कहां से आया और किसे पहुंचाया जाना था।

नशे के खिलाफ अब तक बड़ी कार्रवाई

रायपुर कमिश्नरेट के अनुसार एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (Raipur Police Commissionerate) तथा एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने अब तक एनडीपीएस एक्ट के 85 मामलों में 190 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनसे गांजा, एमडीएमए, कोकीन, हेरोइन, ब्राउन शुगर, प्रतिबंधित नशीली गोलियों सहित अन्य मादक पदार्थ, वाहन, नकदी और हथियार जब्त किए गए हैं। कुल जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 6 करोड़ 31 लाख रुपए से अधिक है।

↑
Exit mobile version