रायपुर। मौसम में लगातार बदलाव के बीच बिलासपुर में रविवार को दिनभर तेज धूप के बाद शाम को अचानक बारिश हुई। दोपहर तक तेज धूप और गर्मी से परेशान लोगों को शाम करीब 4 बजे मौसम बदलने के बाद राहत तो मिली, लेकिन करीब आधे घंटे की तेज बारिश के बाद बढ़ी उमस ने लोगों की बेचैनी फिर बढ़ा दी। शनिवार को भी जिले के कई हिस्सों में कहीं रिमझिम तो कहीं तेज बारिश हुई थी। कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की भी सूचना मिली।
मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में सोमवार को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। रायपुर, दुर्ग, बेमेतरा, बालोद, कबीरधाम, राजनांदगांव और बीजापुर जिलों के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।
22 सितंबर से बढ़ेगी बारिश की गतिविधि
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर अंडमान सागर और आसपास के क्षेत्र में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके चलते 22 सितंबर से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में तेजी आ सकती है। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी होने की संभावना है। अगले कुछ दिनों तक मौसम में इसी तरह उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।
बिलासपुर प्रदेश में सबसे गर्म
बदलते मौसम के बीच बिलासपुर में तापमान फिर बढ़ा। रविवार को यहां अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। वहीं पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बिलासपुर में सुबह से दोपहर तक तेज धूप और गर्मी रही। शाम को बारिश के बाद तापमान में कुछ राहत मिली, लेकिन वातावरण में नमी बढ़ने से उमस ने लोगों को परेशान किया।
आकाशीय बिजली से बचने सावधानी जरूरी
बारिश के दौरान आकाशीय बिजली और तेज हवा की आशंका को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। लोगों को बारिश और गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचना चाहिए। पेड़, बिजली के खंभे और कमजोर संरचनाओं के नीचे खड़े नहीं होने की सलाह दी गई है। बच्चों को तालाब, नदी और पानी से भरे गड्ढों के पास नहीं जाने देने को कहा गया है। किसानों को भी गरज-चमक शुरू होने पर खेतों में काम रोककर सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी गई है।
