छातामुड़ा बाईपास रोड स्थित एक कबाड़ दुकान में शनिवार दोपहर अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में आसमान काले धुएं से ढक गया। दूर-दूर तक उठते धुएं के गुबार को देखकर लोग दहशत में आ गए।
घटना नेशनल हाईवे सारंगढ़ – सरायपाली मार्ग पर स्थित हीरो मोटरसाइकिल शोरूम के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार दोपहर करीब पौने दो बजे कबाड़ गोदाम से धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। गोदाम में प्लास्टिक, कार्टून और अन्य ज्वलनशील सामान भारी मात्रा में रखा हुआ था, जिसके कारण आग तेजी से फैलती चली गई।
आग लगते ही गोदाम में काम कर रहे कर्मचारियों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लोग जान बचाने के लिए बाहर भागे, जबकि कुछ कर्मचारी आग बुझाने की कोशिश में जुटे रहे। वहीं पास स्थित हीरो शोरूम के कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए वहां खड़ी मोटरसाइकिलों को तुरंत बाहर निकालना शुरू कर दिया। कर्मचारियों की सूझबूझ से शोरूम में बड़ा नुकसान होने से बच गया।
स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने भी शुरुआती स्तर पर पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें लगातार बढ़ती चली गईं। सूचना मिलते ही नगर सेना की दमकल टीम मौके पर पहुंची। हालात को गंभीर देखते हुए जिंदल उद्योग, अदानी पावर प्लांट और एनटीपीसी लारा से भी अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाए गए।
दर्जनों दमकलकर्मी घंटों तक आग पर काबू पाने के लिए मशक्कत करते रहे। पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग की टीम ने भी मोर्चा संभाला और आसपास के इलाके को खाली कराया। आग के चलते हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।
