Rahul Gandhi Raipur Visit : कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने रायपुर पहुंचे राहुल गांधी, विमानतल पर महंत ने किया स्वागत

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी रविवार दोपहर कांग्रेस के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने रायपुर पहुंचे। राजधानी स्थित स्वामी विवेकानंद विमानतल पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने विमानतल पहुंचकर राहुल गांधी का स्वागत किया। इस दौरान कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

डॉ. चरणदास महंत ने अपने सामाजिक माध्यम पर स्वागत संदेश साझा करते हुए लिखा कि, “छत्तीसगढ़ की पावन धरा में देश के लोकप्रिय जननेता, लोकसभा नेता प्रतिपक्ष और न्याय योद्धा राहुल गांधी का हार्दिक स्वागत, वंदन और अभिनंदन है। न्याय की इस लड़ाई में हर कदम जनता के साथ है।

राहुल गांधी अभनपुर में आयोजित कांग्रेस के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में शामिल होंगे। इस दौरान वे जिला अध्यक्षों, संगठन पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। शिविर में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने, मतदान केंद्र स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने तथा आगामी चुनावों की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। कांग्रेस का मानना है कि इस प्रशिक्षण शिविर से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और कार्यकर्ताओं को जनसरोकारों के मुद्दों पर प्रभावी ढंग से काम करने का मार्गदर्शन प्राप्त होगा।

↑
Exit mobile version