- पटवारियों की हड़ताल से बिगड़ी राजस्व व्यवस्था, शासन को राजस्व का नुकसान
- जमीन कारोबारियों के दीपावली का बाजार रहा फीका, छोटे प्रॉपर्टी डीलर और आम लोग परेशान
- त्योहार से ठीक पहले 25 दिनों तक चली हड़ताल ने जमीन कारोबार की तोड़ी रफ्तार
- 13 अक्टूबर से शुरू हुआ पटवारियों का हड़ताल, एक महीना की अवधि पूरा कर चुका
मनोज शुक्ला
बेमेतरा/नवप्रदेश। दीपावली खुशियों, खरीदारी (Property Dealing) और आर्थिक गतिविधियों का बड़ा पर्व माना जाता है। जमीन कारोबार के लिहाज से भी यह समय काफी महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान लोग शुभ मुहूर्त में जमीन, मकान और प्लॉट की खरीदी-बिक्री कर रजिस्ट्री कराना पसंद करते हैं। लेकिन इस बार दीपावली से ठीक पहले राजस्व विभाग में पटवारियों की लगातार 25 दिनों तक चली हड़ताल ने पूरे राजस्व तंत्र की व्यवस्था बिगाड़ दी। इसका सीधा असर जमीन की खरीदी-बिक्री और रजिस्ट्री पर पड़ा। त्योहार के महत्वपूर्ण कारोबारी समय में राजस्व संबंधी कामकाज प्रभावित रहने से जमीन कारोबार की रफ्तार थम गई।
राज्य शासन को मिलने वाले पंजीयन शुल्क और स्टाम्प ड्यूटी के राजस्व में कमी आने की आशंका है, वहीं आम नागरिकों से लेकर छोटे प्रॉपर्टी डीलरों (Property Dealing) तक को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ा। दीपावली के दौरान बाजार में जिस रौनक की उम्मीद थी, वह इस बार नजर नहीं आई। चिंता की बात यह है कि त्योहार से पहले 25 दिनों तक व्यवस्था प्रभावित रहने के बाद भी पटवारियों का आंदोलन समाप्त नहीं हुआ है, बल्कि अब अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी है। ऐसे में जमीन कारोबार के बाद अब 15 नवंबर से प्रस्तावित धान खरीदी को लेकर भी किसानों की चिंता बढऩे लगी है।
रजिस्ट्री की राह में डीएसी बनी बड़ी बाधा
पटवारियों की हड़ताल का असर केवल राजस्व कार्यालयों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जमीन की रजिस्ट्री कराने वाले लोगों को भी इसका खामियाजा भुगतना पड़ा। खासकर किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) का कर्ज चुकाने वाले किसानों और जमीन मालिकों की परेशानी बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि केसीसी का कर्ज चुकाने के बाद संबंधित भूमि से डीएसी हट जाता है। इसके बाद रजिस्ट्री की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक राजस्व संबंधी जानकारी, सत्यापन और अन्य प्रक्रियाओं में पटवारी की भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती है। लेकिन पटवारियों की अनुपस्थिति और राजस्व संबंधी प्रक्रियाएं लंबित रहने से कई लोगों की रजिस्ट्री अटक गई। जिन लोगों ने दीपावली से पहले जमीन की खरीदी-बिक्री की तैयारी कर रखी थी, उन्हें कार्यालयों के चक्कर काटने पड़े। खरीदार और विक्रेता तैयार होने के बावजूद कई सौदे रजिस्ट्री तक नहीं पहुंच सके।
छोटे प्रॉपर्टी डीलरों की दीपावली रही फीकी
जमीन कारोबार (Property Dealing) में बड़े कारोबारियों के साथ बड़ी संख्या में छोटे प्रॉपर्टी डीलर भी जुड़े रहते हैं। इनका व्यवसाय रोजाना होने वाली खरीदी-बिक्री और रजिस्ट्री पर निर्भर करता है। दीपावली के समय इन्हें अच्छे कारोबार की उम्मीद रहती है, लेकिन हड़ताल ने इनके कारोबार को भी प्रभावित किया। कई डीलरों के सौदे अटक गए तो कई का कमीशन फंस गया। खरीदार और विक्रेता के बीच बातचीत और सौदा तय होने के बाद भी रजिस्ट्री नहीं हो पाने से छोटे कारोबारियों की आर्थिक योजना बिगड़ गई। त्योहार के समय जिस कमाई की उम्मीद थी, वह अधूरी रह गई।
एक रजिस्ट्री से जुड़ा होता है कई कारोबारों का भविष्य
जमीन की एक रजिस्ट्री (Property Dealing) केवल क्रेता और विक्रेता के बीच का लेन-देन नहीं होती, बल्कि इससे कई अन्य व्यवसाय भी जुड़े होते हैं। जमीन खरीदने के बाद मकान निर्माण, सीमेंट, छड़, ईंट, रेत, गिट्टी, फर्नीचर और अन्य निर्माण सामग्री की मांग बढ़ती है। दस्तावेज लेखक, प्रॉपर्टी डीलर, निर्माण श्रमिक और परिवहन व्यवसायियों को भी काम मिलता है। ऐसे में त्योहार से ठीक पहले 25 दिनों तक राजस्व व्यवस्था प्रभावित रहने से इस पूरी आर्थिक शृंखला पर असर पड़ा। रजिस्ट्री की संख्या में गिरावट से बाजार की गतिविधियां प्रभावित हुईं और शासन को मिलने वाले पंजीयन शुल्क एवं स्टाम्प ड्यूटी के राजस्व पर भी प्रतिकूल असर पडऩे की आशंका है।
प्रशासन के सामने दोहरी चुनौती
एक ओर दीपावली से ठीक पहले 25 दिनों तक चली हड़ताल ने जमीन कारोबार और राजस्व व्यवस्था को प्रभावित किया, वहीं दूसरी ओर अब अनिश्चितकालीन हड़ताल ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। पटवारियों की मांगों और उनके आंदोलन का अपना पक्ष हो सकता है, लेकिन इसका खामियाजा आम जनता, किसान और छोटे कारोबारियों को भुगतना पड़ रहा है। अब सरकार और प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती इस गतिरोध को समाप्त कराना है। पटवारी संघ के प्रतिनिधियों से बातचीत कर समाधान निकालना और लंबित राजस्व कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराना जरूरी हो गया है।
