Site icon Navpradesh

President Draupadi Murmu Visit : राष्ट्रपति आगमन की तैयारी, कलेक्टर-एसएसपी ने आगडीह हवाई अड्डे का किया निरीक्षण

President Draupadi Murmu Visit

President Draupadi Murmu Visit

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आगामी 30 दिसंबर 2025 को झारखंड राज्य के गुमला जिले के रायडीह प्रखंड स्थित मांझाटोली में आयोजित अंतर्राज्यीय जन सांस्कृतिक समागम समारोह सह कार्तिक जतरा कार्यक्रम में शामिल होंगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का जशपुर जिले के आगडीह हवाई अड्डे पर आगमन होगा, जहाँ से वे सड़क मार्ग द्वारा कार्यक्रम स्थल के लिए प्रस्थान करेंगी।

राष्ट्रपति के इस प्रस्तावित आगमन (President Draupadi Murmu Visit) को दृष्टिगत रखते हुए जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने सोमवार को आगडीह हवाई अड्डे का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक तैयारियों एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर व्यास ने राष्ट्रीय राजमार्गों एवं संपर्क मार्गों की स्थिति की समीक्षा करते हुए सड़क मरम्मत, साफ-सफाई, रोड मार्किंग, पार्किंग व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन को लेकर विशेष निर्देश दिए।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड में रहने, एंबुलेंस एवं प्राथमिक चिकित्सा सुविधा की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही सेफ हाउस की व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति तथा मार्ग के दोनों ओर अनावश्यक झाड़ियों की सफाई कराने के निर्देश दिए गए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि राष्ट्रपति आगमन के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को रूट सुरक्षा, बैरिकेडिंग, ड्यूटी पॉइंट, ड्रोन निगरानी एवं समन्वय व्यवस्था को लेकर सतर्क रहने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने आगडीह हवाई अड्डे की रनवे स्थिति, वाहन पार्किंग क्षेत्र, वीआईपी मूवमेंट रूट तथा पुलिस बल की तैनाती की भी जानकारी ली। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रपति के आगमन (President Draupadi Murmu Visit) को पूरी गरिमा, सुरक्षा और सुव्यवस्था के साथ संपन्न कराया जाएगा।

Exit mobile version