CG News: रक्षाबंधन पर पुलिस बनी भाई, नदी में कूदने से बचाई महिला की जान

CG News: भिलाई रक्षाबंधन के दिन दुर्ग यातायात पुलिस की हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए खारून नदी के पास आत्मघाती कदम उठाने के इरादे से पहुंची 45 वर्षीय महिला की जान बचा ली।

पुलिसकर्मियों ने महिला से भाई की तरह आत्मीयता से बातचीत कर उसे समझाया और ऐसा कदम उठाने से रोकने में सफलता पाई। बाद में महिला को सुरक्षित उसके पति के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देश पर यातायात पुलिस की टीम प्रमुख मार्गों और हाईवे पर लगातार पेट्रोलिंग कर रही है। शुक्रवार 28 अगस्त को टीम को सूचना मिली कि रायपुर के कबीर नगर निवासी महिला आत्महत्या की मंशा से खारून नदी के पास पहुंची है। सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग में तैनात आरक्षक शिशुपाल तत्काल मौके पर पहुंचे। इसके बाद पाइंट ड्यूटी पर तैनात कन्हैया सोनकर और इमामुद्दीन भी वहां पहुंच गए।

तीनों ने महिला से शांतिपूर्वक बातचीत शुरू की और उसकी परेशानी समझने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी के साथ भाई की तरह उसे जीवन के महत्व के बारे में समझाया। लगातार बातचीत और संवेदनशील व्यवहार के बाद महिला ने आत्मघाती कदम उठाने का विचार छोड़ दिया। पुलिसकर्मियों की सूझबूझ, धैर्य और आत्मीय बातचीत से महिला ने अपना निर्णय बदला और सुरक्षित घर लौटने के लिए तैयार हुई। पुलिस टीम ने उसके पति को सूचना देकर मौके पर बुलाया। आवश्यक समझाइश के बाद महिला को सुरक्षित पति के सुपुर्द कर दिया गया।

Exit mobile version