दशहरा पर शस्त्र पूजा के दौरान वीडियो हुआ था वायरल, पूर्व लेफ्टिनेंट जनरल ने भी हथियार के इस्तेमाल के तरीके पर उठाए सवाल
रायपुर। राजनांदगांव में दशहरा के अवसर पर शस्त्र पूजा के दौरान पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा द्वारा एके-47 से फायरिंग करने का मामला अब पुलिस मुख्यालय तक पहुंच गया है। फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने के बाद पुलिस मुख्यालय ने उनसे स्पष्टीकरण मांगा है। राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अजय यादव ने कहा है कि स्पष्टीकरण मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
साड़ी पहनकर फायरिंग का वीडियो हुआ था वायरल
दशहरा के अवसर पर राजनांदगांव पुलिस लाइन में शस्त्र पूजा का आयोजन किया गया था। इसी दौरान पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा का एके-47 से फायरिंग करते हुए वीडियो सामने आया था। वीडियो में वे साड़ी पहने हुए हथियार से गोलियां चलाती नजर आ रही हैं। बताया गया कि उन्होंने इस दौरान आठ से नौ राउंड फायर किए थे।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर हथियार संभालने के तरीके और फायरिंग के दौरान बरती गई सावधानियों को लेकर चर्चा शुरू हो गई। मामले पर नकारात्मक प्रतिक्रियाएं सामने आने के बाद पुलिस मुख्यालय ने इसे संज्ञान में लिया और सुरक्षा तथा पद की गरिमा के दृष्टिकोण से स्पष्टीकरण मांगा।
पूर्व लेफ्टिनेंट जनरल ने बताई थीं आठ खामियां
भारतीय सेना के पूर्व लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस ढिल्लों ने भी इस वीडियो पर सवाल उठाए थे। उन्होंने इंटरनेट माध्यम एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए हथियार के इस्तेमाल और फायरिंग के दौरान सुरक्षा नियमों के पालन से जुड़ी आठ खामियां बताई थीं।
उन्होंने लोडेड हथियार को संभालते समय सावधानी बरतने और आसपास मौजूद लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया था। इस मामले में अनुशासनात्मक कार्रवाई की जरूरत भी जताई गई थी।
स्पष्टीकरण के बाद होगी कार्रवाई
राजनांदगांव रेंज के आईजी अजय यादव के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक की फायरिंग का वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर कई नकारात्मक प्रतिक्रियाएं आईं। पुलिस मुख्यालय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पष्टीकरण चाहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संबंधित पक्ष का जवाब मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
