प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान 18,680 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास (PM Modi West Bengal Projects) किया। इन परियोजनाओं में सड़क, रेलवे, बंदरगाह और शहरी कनेक्टिविटी से जुड़े बड़े काम शामिल हैं।
प्रधानमंत्री कार्यालय और प्रेस सूचना ब्यूरो के अनुसार, यह परियोजनाएं पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, संपर्क बेहतर बनाने और आर्थिक गतिविधियों को गति देने के उद्देश्य से शुरू की गई हैं।
प्रधानमंत्री ने 231 किलोमीटर लंबे खड़गपुर-मोरग्राम फोरलेन आर्थिक गलियारे की आधारशिला रखी। यह परियोजना एनएच-116ए के पांच पैकेजों का हिस्सा है और इसके बनने से खड़गपुर और मोरग्राम के बीच दूरी करीब 120 किलोमीटर तक कम होगी,
जबकि यात्रा समय में लगभग 7 से 8 घंटे की बचत होने का अनुमान है। यह कॉरिडोर पश्चिम मेदिनीपुर, बांकुड़ा, हुगली, पूर्वी बर्धमान, बीरभूम और मुर्शिदाबाद जिलों से होकर गुजरेगा तथा एनएच-16, एनएच-19, एनएच-14 और एनएच-12 जैसे प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों को जोड़ेगा।
इसके अलावा प्रधानमंत्री ने एनएच-14 पर 5.6 किलोमीटर लंबे दुबराजपुर बाईपास और कांगशाबती तथा शिलाबती नदियों पर अतिरिक्त चार लेन पुलों की आधारशिला (PM Modi West Bengal Projects) रखी। साथ ही एनएच-19 और एनएच-114 के कुछ हिस्सों का उद्घाटन किया गया। इन परियोजनाओं से सड़क सुरक्षा बढ़ने, जाम घटने, यात्रा समय कम होने और क्षेत्रीय संपर्क मजबूत होने की उम्मीद जताई गई है।
बंदरगाह अवसंरचना के मोर्चे पर प्रधानमंत्री ने हल्दिया डॉक कॉम्प्लेक्स में बर्थ-2 के मशीनीकरण का उद्घाटन किया, जिससे कार्गो हैंडलिंग तेज, अधिक कुशल और पर्यावरण के लिहाज से बेहतर हो सकेगी। इसके साथ ही खिद्दरपुर डॉक के पुनरुद्धार, हल्दिया में बर्थ-5 के मशीनीकरण, कोलकाता में बैस्क्यूल ब्रिज के नवीनीकरण और शहर में नदी पर्यटन सुविधा से जुड़ी परियोजनाओं की भी शुरुआत की गई।
रेलवे सेक्टर में प्रधानमंत्री ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित छह स्टेशनोंकामाख्यागुड़ी, अनारा, तामलुक, हल्दिया, बराभूम और सिउड़ी का लोकार्पण किया।
उन्होंने पुरुलिया-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस को हरी झंडी (PM Modi West Bengal Projects) भी दिखाई। इसके अलावा बेल्डा-दंतान के बीच 16 किलोमीटर लंबी तीसरी रेल लाइन और दक्षिण पूर्वी रेलवे जोन में कलाइकुंडा-कनिमोहुली सेक्शन की स्वचालित ब्लॉक सिग्नलिंग प्रणाली को राष्ट्र को समर्पित किया गया।
परियोजनाओं की शुरुआत के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भाजपा पश्चिम बंगाल के नवनिर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर घुसपैठ और महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों को लेकर हमला बोला। यह दौरा ऐसे समय हुआ है जब राज्य में विधानसभा चुनाव की राजनीतिक सरगर्मी तेज है।
