PM Modi Chhattisgarh Visit : देखें पीएम मोदी का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम, रायपुर में रहेंगे 6 घंटे 45 मिनट, शामिल होंगे 6 बड़े आयोजनों में

PM Modi Chhattisgarh Visit : छत्तीसगढ़ के रजत जयंती राज्योत्सव पर राजधानी रायपुर एक ऐतिहासिक पल की गवाह बनने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 नवंबर को नवा रायपुर पहुंचेंगे, जहां वे 6 घंटे 45 मिनट के दौरान 6 बड़े आयोजनों में शामिल होंगे। विधानसभा भवन से लेकर राज्योत्सव मंच तक, हर जगह पीएम मोदी की मौजूदगी से उत्सव का रंग और भी भव्य हो जाएगा। पीएम मोदी का यह दौरा बेहद व्यस्त रहेगा इतना कि उनके कार्यक्रम में लंच का समय भी शामिल नहीं किया गया है। जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री अलग-अलग स्थलों पर जाते वक्त ही हल्का अल्पाहार लेंगे।

https://youtu.be/b44mIm5iYlw

श्री सत्य साई चाइल्ड हार्ट हॉस्पिटल

प्रधानमंत्री मोदी सुबह 9:40 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से सीधे वे श्री सत्य साई संजीवनी चाइल्ड हार्ट हॉस्पिटल जाएंगे, जहां वे उन 2,500 बच्चों से संवाद करेंगे, जिनका दिल का ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया जा चुका है। पीएम मोदी इन बच्चों से “दिल की बात” करेंगे और अस्पताल की नई तकनीकी सुविधाओं का अवलोकन भी करेंगे।

आध्यात्मिक स्थल पर दूसरा कार्यक्रम

इसके बाद वे प्रजापिता ब्रह्माकुमारी संस्थान के शांति शिखर भवन का उद्घाटन करेंगे। यह कार्यक्रम नवा रायपुर में आध्यात्मिकता और सामाजिक समरसता के प्रतीक के रूप में आयोजित किया जाएगा।

अटल जी की प्रतिमा का अनावरण

11:45 बजे से 12:10 बजे तक पीएम मोदी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। यह आयोजन छत्तीसगढ़ की राजनीतिक और ऐतिहासिक पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण क्षण होगा, क्योंकि अटल जी के नेतृत्व में ही वर्ष 2000 में छत्तीसगढ़ राज्य का गठन हुआ था।

नए विधानसभा भवन का लोकार्पण

इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी का अगला पड़ाव होगा नवा रायपुर स्थित विधानसभा भवन। लगभग 324 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस आधुनिक भवन का लोकार्पण पीएम मोदी 12:15 से 1:15 बजे के बीच करेंगे। यह भवन छत्तीसगढ़ की रजत जयंती के अवसर पर विकास की नई दिशा का प्रतीक बनेगा।

आदिवासी फ्रीडम फाइटर म्यूजियम का उद्घाटन

1:30 से 2:15 बजे तक प्रधानमंत्री मोदी आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय (Tribal Freedom Fighters Museum) का उद्घाटन करेंगे। यह संग्रहालय छत्तीसगढ़ के वीर आदिवासी योद्धाओं की गौरवशाली गाथाओं को समर्पित है। म्यूजियम में डिजिटल गैलरी, इंटरैक्टिव डिस्प्ले और 3D मॉडल्स के माध्यम से जननायकों का संघर्ष दर्शाया गया है। नवा रायपुर के मेला ग्राउंड में आयोजित इस समारोह में प्रधानमंत्री मोदी राज्य के नागरिकों को संबोधित करेंगे और ‘विकसित छत्तीसगढ़ विकसित भारत’ की दिशा में सरकार की योजनाओं का रोडमैप साझा करेंगे। राज्योत्सव के मंच से पीएम मोदी प्रदेश की नई योजनाओं और उपलब्धियों का लोकार्पण भी करेंगे।

https://youtu.be/Ka8i0TUrhRM

PM Modi का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम (1 नवंबर 2025)
समय कार्यक्रम
सुबह 9:40 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे
10:00 – 10:35 बजे श्री सत्य साई हॉस्पिटल में ‘दिल की बात’
10:45 – 11:30 बजे ब्रह्माकुमारी शांति शिखर भवन का उद्घाटन
11:45 – 12:10 बजे अटल बिहारी वाजपेयी प्रतिमा का अनावरण
12:15 – 1:15 बजे विधानसभा भवन का लोकार्पण
1:30 – 2:15 बजे आदिवासी म्यूजियम का उद्घाटन
2:30 – 4:00 बजे राज्योत्सव 2025 का शुभारंभ
शाम 4:25 बजे नई दिल्ली के लिए प्रस्थान

सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था के कड़े इंतजाम

प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए रायपुर में SPG, NIA और राज्य पुलिस की संयुक्त सुरक्षा तैनाती रहेगी। नवा रायपुर और एयरपोर्ट मार्ग पर ट्रैफिक डायवर्जन की विशेष व्यवस्था की गई है। हर स्थल पर स्मार्ट निगरानी कैमरे और ड्रोन से सुरक्षा की मॉनिटरिंग होगी।

Exit mobile version