प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ फोन पर बात की. दोनों नेताओं ने व्यापार, रक्षा, ऊर्जा और क्रिटिकल टेक्नोलॉजी समेत द्विपक्षीय सहयोग के अहम क्षेत्रों की समीक्षा की. साथ ही वैश्विक शांति और सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए मिलकर काम करने पर सहमति जताई.
ट्रंप के साथ बातचीत के बारे में पीएम ने एक्स पर लिखा, राष्ट्रपति ट्रंप के साथ सार्थक बातचीत हुई. हमने व्यापार, रक्षा, ऊर्जा, अहम टेक्नोलॉजी और अन्य क्षेत्रों में अपने आपसी सहयोग की समीक्षा की. हम अपनी व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए करीबी संपर्क बनाए रखने पर सहमत हुए.
पीएम ने बताया, दोनों देशों की कॉम्प्रिहेंसिव ग्लोबल स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप (व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी) को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर आपसी संपर्क और करीबी समन्वय बनाए रखने पर पूरी सहमति बनी.
द्विपक्षीय संबंधों के अलावा प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति ट्रंप ने क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी बात की. इसमें दुनिया भर में शांति और सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए जारी वैश्विक प्रयासों पर विशेष ध्यान दिया गया. दोनों नेताओं ने अंतरराष्ट्रीय स्थिरता बनाए रखने के लिए मिलकर काम करने की इच्छा जताई.
