छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर अवैध धान परिवहन (Paddy Smuggling Action) के खिलाफ राजस्व विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार रात को जगदलपुर और नानगुर तहसील के राजस्व विभाग के संयुक्त गश्ती दल ने तहसील नानगुर के पुसपाल के नजदीक ग्राम जोजल के पास एक मालवाहक ट्रक को अवैध रूप से धान का परिवहन करते हुए पकड़ा।
इस संबंध में नानगुर तहसीलदार सुश्री दीपिका देहारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई सोमवार रात लगभग 11:45 बजे उस समय हुई जब टीम गश्त पर थी। टीम ने संदेह के आधार पर ट्रक क्रमांक सीजी 04 जे 3195 को रोका, जो ओडिशा राज्य की ओर से आ रही थी, जांच के दौरान ट्रक में लगभग 350 बोरा धान लदा हुआ पाया गया।
ट्रक को वाहन चालक ओडिशा निवासी बुधु चला रहा था। बुधु से जब धान के परिवहन (Paddy Smuggling Action) से संबंधित वैध दस्तावेज दिखाने को कहा गया, तो वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। यह स्पष्ट रूप से मंडी अधिनियम का उल्लंघन पाया गया।
अवैध परिवहन की पुष्टि होने पर संयुक्त राजस्व दल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन सहित 350 बोरे अवैध धान को जब्त कर लिया। जब्त किए गए धान और वाहन को मंडी अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए थाना नानगुर के सुपुर्द कर दिया गया है।
राजस्व विभाग का कहना है कि सीमा से लगते इलाकों में लगातार धान तस्करी की घटनाएं सामने आ रही हैं, इसलिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी ताकि फसल तस्करी पर रोका जा सके। इस कार्रवाई के बाद विभाग ने बताया कि ऐसी संयुक्त गश्ती और निगरानी से धान तस्करी को और प्रभावी तरीके से नियंत्रित किया जा सकेगा।
स्थानीय किसानों ने भी कार्रवाई का स्वागत किया और कहा कि इससे अवैध खरीदी—बिक्री पर रोक लगेगी, जिसका लाभ सीधे वास्तविक कृषकों को मिलेगा । राजस्व अधिकारियों ने यह भी संकेत दिया कि आने वाले दिनों में सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी और सख्त की जाएगी, ताकि राज्य से बाहर धान की गैर-कानूनी आवाजाही (Border Paddy Seizure) पूरी तरह रोकी जा सके।
