रायपुर। राजधानी में जगह-जगह फैली गंदगी और सफाई व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने रायपुर नगर निगम के दो अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इनमें निगम के उपायुक्त एवं सफाई प्रभारी जसदेव बाबरा और जोन क्रमांक-4 की आयुक्त दिव्या चन्द्रवंशी शामिल हैं। विभाग ने दोनों अधिकारियों को तीन दिन के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
विभाग ने नोटिस में कहा है कि नगर की सफाई व्यवस्था को लेकर प्रत्येक समीक्षा बैठक में विशेष निर्देश दिए जाते रहे हैं, लेकिन वरिष्ठालय के निर्देशों के बावजूद अधिकारियों की कार्यप्रणाली में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। इसके चलते शहर के विभिन्न स्थानों पर गंदगी फैले होने की खबरें लगातार समाचार पत्रों में प्रकाशित हो रही हैं।
निगम और शासन की छवि धूमिल होने का हवाला
नोटिस में उल्लेख किया गया है कि शहर में जगह-जगह गंदगी की स्थिति से नगर निगम और शासन की छवि धूमिल हो रही है। साथ ही अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। विभाग ने प्रथम दृष्टया दोनों अधिकारियों को इसके लिए जिम्मेदार माना है।
लापरवाही पर हो सकती है एकपक्षीय कार्रवाई
नगरीय प्रशासन विभाग ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 और छत्तीसगढ़ नगरपालिक निगम (अधिकारियों तथा सेवकों की नियुक्ति एवं सेवा के निबंधन एवं शर्तें) नियम, 2018 के प्रावधानों के तहत नोटिस जारी किया है।
दोनों अधिकारियों को तीन दिन के भीतर नगर निगम आयुक्त के माध्यम से अपना जवाब प्रस्तुत करना होगा। निगम आयुक्त को जवाब का परीक्षण कर अपना अभिमत सहित संचालनालय भेजने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समय में जवाब नहीं मिलने पर यह माना जाएगा कि संबंधित अधिकारियों को अपने बचाव में कुछ नहीं कहना है। ऐसी स्थिति में नियमानुसार एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी।
