रायपुर। देश के प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थानों में शामिल नरसी मोंजी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (एनएमआईएमएस) अब नवा रायपुर अटल नगर में अपना कैंपस स्थापित करेगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में मंगलवार को संस्थान की स्थापना के लिए लीज अनुबंध और भूमि रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कर ली गई। इसके साथ ही नवा रायपुर में राष्ट्रीय स्तर के इस शिक्षण संस्थान की स्थापना का रास्ता साफ हो गया है।
नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-18 में करीब 40 एकड़ भूमि पर एनएमआईएमएस का अत्याधुनिक कैंपस विकसित किया जाएगा। संस्थान का संचालन करने वाले श्री विले पार्ले केलवणी मंडल को यह भूमि 90 वर्षों की लीज पर प्रदान की गई है। राज्य मंत्रिपरिषद ने 21 जनवरी को संस्थान के लिए भूमि आवंटन के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। इसके बाद लीज अनुबंध और भूमि रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी की गई।
दो से तीन साल में शुरू होगा पहला बैच
संस्थान की स्थापना की पूरी प्रक्रिया को आगामी सात वर्षों में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। हालांकि, विद्यार्थियों को इसका लाभ इससे पहले ही मिलने लगेगा। पहले शैक्षणिक बैच की शुरुआत दो से तीन वर्षों के भीतर करने का लक्ष्य है। कैंपस के पूरी तरह विकसित होने के बाद यहां एक साथ करीब 10 हजार विद्यार्थी अध्ययन कर सकेंगे।
युवाओं को प्रदेश में ही मिलेंगे बेहतर अवसर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक उच्च शिक्षा के लिए बड़े महानगरों का रुख न करना पड़े, इसके लिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। एनएमआईएमएस की स्थापना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराकर प्रदेश की युवा शक्ति को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करना सरकार की प्राथमिकता है।
शिक्षा के साथ कौशल और उद्यमिता को भी मिलेगा बढ़ावा
एनएमआईएमएस की स्थापना का प्रभाव केवल उच्च शिक्षा तक सीमित नहीं रहेगा। संस्थान के माध्यम से प्रदेश में कौशल विकास, रोजगार, नवाचार और उद्यमिता के नए अवसर विकसित होंगे। विद्यार्थियों, शिक्षकों, शोधकर्ताओं और उद्योग जगत के बीच बेहतर समन्वय से उद्योगों की बदलती जरूरतों के अनुरूप दक्ष मानव संसाधन तैयार करने में मदद मिलेगी।
एजुकेशन और नॉलेज हब के रूप में विकसित होगा नवा रायपुर
राज्य सरकार नवा रायपुर अटल नगर को आधुनिक अधोसंरचना और बेहतर कनेक्टिविटी वाले शहर के साथ एजुकेशन और नॉलेज हब के रूप में विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। एनएमआईएमएस जैसे प्रतिष्ठित संस्थान की स्थापना से इस प्रयास को नई गति मिलने की उम्मीद है। संस्थान के शुरू होने से छत्तीसगढ़ के युवाओं को प्रबंधन, कौशल विकास तथा आधुनिक और रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों में राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा अपने ही प्रदेश में प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। साथ ही देश के विभिन्न हिस्सों से विद्यार्थी भी अध्ययन के लिए छत्तीसगढ़ आ सकेंगे।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, आवास सचिव अंकित आनंद और नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चंदन कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
इसे भी जरूर पढ़ेंः
- लगातार 8 हफ्ते की गिरावट, 26 लाख करोड़ रुपये डूबे
- 7-8 को रोजगार मेला, 10 हजार युवाओं को मिलेगा रोजगार का अवसर
- खेल अकादमियों में प्रवेश के लिए 169 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
- छत्तीसगढ़: 2006 पुलिस भर्ती का विवाद थमा नहीं, सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की याचिका
- मार्च तक 100 पुलों के निर्माण पूरे करने का लक्ष्य
