NMDC Nagarnar: नगरनार स्टील प्लांट की कोक भट्टियों ने रचा नया कीर्तिमान, पांच मिलियन टन उत्पादन पार

अनिल सामंत

जगदलपुर/नवप्रदेश। बस्तर की धरती पर आकार ले रही औद्योगिक पहचान को नगरनार स्टील प्लांट (NMDC Nagarnar) ने एक और उपलब्धि से मजबूती दी है। संयंत्र की कोक ओवन बैटरियों ने अब तक पांच मिलियन टन कोक उत्पादन का आंकड़ा पार कर लिया है। 25 नवंबर को हासिल यह उपलब्धि केवल उत्पादन का नया पड़ाव नहीं, बल्कि नगरनार संयंत्र की उत्पादन क्षमता और तकनीकी कार्यप्रणाली की निरंतरता का भी संकेत है। बस्तर के लिए महत्वपूर्ण इस औद्योगिक परियोजना में स्टील निर्माण की बुनियाद तैयार करने वाली इकाई ने अपनी उपयोगिता साबित की है।

एनएमडीसी स्टील लिमिटेड (NMDC Nagarnar) की कोक ओवन बैटरी नंबर-1 ने 28 अक्टूबर 2022 को काम शुरू किया था। इसके बाद 25 अप्रैल 2023 को दूसरी बैटरी भी चालू हो गई। दोनों बैटरियों में 67-67 ओवन हैं। प्रत्येक ओवन की ऊंचाई सात मीटर है और ये चौबीसों घंटे कच्चे कोयले को धातु शोधन के लिए जरूरी मजबूत एवं छिद्रपूर्ण कोक में बदलते हैं। इसी कोक का उपयोग संयंत्र की तीन मिलियन टन क्षमता वाली ब्लास्ट फर्नेस में किया जाता है।

गर्म कोक से बिजली बनाने की तकनीक

नगरनार संयंत्र (NMDC Nagarnar) के कोक ओवन की खासियत केवल उत्पादन तक सीमित नहीं है। यहां कोक को ठंडा करने के लिए पानी के बजाय निष्क्रिय नाइट्रोजन गैस का इस्तेमाल किया जाता है। इस तकनीक को कोक शुष्क शीतलन संयंत्र कहा जाता है। प्रक्रिया के दौरान निकलने वाली अपशिष्ट गर्मी को व्यर्थ जाने देने के बजाय उससे बिजली बनाई जाती है। साथ ही कोयले की धूल को वातावरण में फैलने से रोकने की व्यवस्था भी है। इससे ऊर्जा की बचत और पर्यावरण संरक्षण, दोनों को महत्व मिलता है।

स्टील निर्माण में कोक की अहम भूमिका

एकीकृत इस्पात संयंत्र (NMDC Nagarnar) में कोक को स्टील निर्माण की बुनियादी जरूरत माना जाता है। कच्चे कोयले को सीधे ब्लास्ट फर्नेस में इस्तेमाल नहीं किया जा सकता, क्योंकि दबाव में वह टूट सकता है और अशुद्धियां छोड़ सकता है। इसलिए कोक ओवन में इसे उच्च तापमान पर संसाधित कर मजबूत धातु शोधन कोक बनाया जाता है। यह ब्लास्ट फर्नेस में लौह अयस्क से पिघला लोहा तैयार करने के लिए जरूरी ईंधन और सहायक पदार्थ की भूमिका निभाता है। नगरनार स्टील प्लांट परियोजना के महाप्रबंधक एवं संचार प्रमुख रफीक अहमद जिनबाड़े ने इस उपलब्धि की जानकारी दी।

↑
Exit mobile version