Site icon Navpradesh

National Rover Ranger Jamboree : राज्यपाल रमेन डेका ने प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी का किया शुभारंभ

National Rover Ranger Jamboree

National Rover Ranger Jamboree

राज्यपाल रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य में जिला मुख्यालय बालोद के समीप ग्राम दुधली में आयोजित प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी (National Rover Ranger Jamboree) का आज भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि यह जंबूरी केवल एक शिविर नहीं, बल्कि एकता, विविधता, भाईचारे और साझा राष्ट्रीय उद्देश्यों का उत्सव है, जो युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने की मजबूत प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जैन, मुख्य राज्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा सहित राष्ट्रीय व राज्य स्तर के पदाधिकारी तथा देश के विभिन्न राज्यों से आए बड़ी संख्या में रोवर-रेंजर उपस्थित रहे। राज्यपाल रमेन डेका एवं अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर और आसमान में गुब्बारे छोड़कर जंबूरी का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान जंबूरी पत्रिका एवं नए बैज का भी विमोचन किया गया।

राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि स्काउट-गाइड आंदोलन युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और सेवा भावना का विकास करता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे समाज के लिए कम से कम एक सकारात्मक कार्य अवश्य करें और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं। देश में पहली बार आयोजित हो रही यह प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी (National Rover Ranger Jamboree) पूरे राष्ट्र के लिए गौरव का विषय है।

स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि स्काउट-गाइड युवाओं को जीवन मूल्यों, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्वों से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। रोवर-रेंजर वे युवा हैं, जो समाज, राष्ट्र और विश्व के लिए सकारात्मक परिवर्तन का संकल्प लेकर आगे बढ़ते हैं। उन्होंने इस आयोजन को छत्तीसगढ़ और देश के युवाओं के लिए सौभाग्यपूर्ण अवसर बताया।

स्वागत उद्बोधन में भारत स्काउट्स गाइड्स के मुख्य राष्ट्रीय आयुक्त डॉ. के.के. खंडेलवाल ने ग्राम दुधली में आयोजित इस प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी (National Rover Ranger Jamboree) को ऐतिहासिक बताया। मुख्य राज्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा ने इसे छत्तीसगढ़ के स्वर्णिम अध्याय की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

इस अवसर पर विभिन्न राज्यों से आए रोवर-रेंजरों ने आकर्षक मार्चपास्ट कर राज्यपाल एवं अतिथियों को सलामी दी। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भारतीय संस्कृति की विविधता और एकता की शानदार प्रस्तुति दी गई। उल्लेखनीय है कि पांच दिवसीय इस आयोजन में देश के सभी राज्यों, रेलवे, नवोदय विद्यालय सहित कुल 33 राज्यों के रोवर-रेंजर भाग ले रहे हैं।

Exit mobile version