National Highway 43: नाराजगी: मंत्री राजेश अग्रवाल और भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया को भी लगाई फटकार
पवन साय का वाहन राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर सड़क के गड्ढे में फंसा
नीलांचन गौड़
अम्बिकापुर/नवप्रदेश। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय बुधवार रात अम्बिकापुर (National Highway 43) पहुंचे। सूरजपुर और कोरिया जिले में आयोजित भाजपा की बैठक में शामिल होने के लिए जशपुर से अम्बिकापुर आ रहे पवन साय का वाहन राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर सीतापुर के पास सड़क के बड़े गड्ढे में फंस गया। इसके बाद उन्हें सीतापुर के रेस्ट हाउस ले जाया गया। सड़क की बदहाली को लेकर पवन साय ने मौके से ही अधिकारियों और स्थानीय भाजपा नेताओं को जमकर फटकार लगाई। बताया गया कि पवन साय की गाड़ी को गड्ढे से निकालने के लिए मैकेनिक बुलाना पड़ा और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद वाहन को बाहर निकाला जा सका। इसके बाद रात करीब 9.30 बजे वे अम्बिकापुर पहुंचे। अम्बिकापुर आने से पहले उन्हें दरिमा मोड़ से भारत माता चौक तक खस्ताहाल सड़क से गुजरना पड़ा।
कई किलोमीटर तक सड़क में गड्ढे ही गड्ढे
राष्ट्रीय राजमार्ग-43 में अम्बिकापुर के खरासिया नाका से दरिमा रोड तक सड़क की स्थिति बेहद खराब बताई गई है। कई स्थानों पर सड़क पूरी तरह उखड़ चुकी है। सीतापुर शहर में भी बड़े-बड़े गड्ढे दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं। पीजी कॉलेज से सिलफिली तक सड़क कई जगह टूट चुकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की मरम्मत की मांग की जा रही थी, लेकिन समय पर सुधार कार्य नहीं हुआ। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा भारत माता चौक से लुचकी तथा गांधी चौक से रेलवे स्टेशन मोड़ तक फोरलेन सड़क निर्माण के लिए टेंडर भी कराया गया है, लेकिन मौजूदा सड़क की मरम्मत का काम लंबे समय तक शुरू नहीं किया गया।
फटकार के बाद शुरू हुआ मरम्मत कार्य
पवन साय की नाराजगी के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग (National Highway 43) की खस्ताहाल सड़क पर तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया। भारत माता चौक से दरिमा रोड मोड़ तक सड़क पर बोल्डर और गिट्टी डालकर गड्ढों को भरने का काम शुरू किया गया है। सीतापुर क्षेत्र में भी सड़क के गड्ढों को भरने का काम शुरू कर दिया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि वीआईपी के वाहन के गड्ढे में फंसने के बाद जिस तेजी से सड़क सुधार का काम शुरू हुआ है, यदि यही तत्परता पहले दिखाई जाती तो आम लोगों को लंबे समय तक परेशानी नहीं झेलनी पड़ती।
आम राहगीरों की सुरक्षा पर उठे सवाल
एनएच-43 पर कई किलोमीटर तक सड़क की खराब स्थिति के कारण आए दिन वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के बाद गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। अब पवन साय की फटकार के बाद शुरू हुए मरम्मत कार्य से लोगों को राहत की उम्मीद है। हालांकि, स्थानीय लोगों की मांग है कि केवल गड्ढे भरने के बजाय सड़क का स्थायी और गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराया जाए, ताकि समस्या दोबारा न खड़ी हो।
मंत्री और जिलाध्यक्ष से भी जताई नाराजगी
सुबह पवन साय से मिलने पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया सहित अन्य नेता पहुंचे। पवन साय ने सड़क की खस्ताहालत को लेकर मंत्री और भाजपा नेताओं को भी फटकार लगाई। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि नेता ठेकेदार हैं तो उन्हें सड़क की स्थिति सुधारने के लिए श्रमदान भी करना चाहिए। बताया जा रहा है कि पवन साय ने प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी से भी फोन पर सड़क की स्थिति को लेकर नाराजगी जताई। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को भी तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
