मुंगेली में मौसम को लेकर शनिवार सुबह से ही सतर्कता का माहौल (Mungeli Rain) बना रहा। लगातार मिल रही भारी बारिश की चेतावनी के बीच जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए, जिससे अभिभावकों और विद्यार्थियों के बीच दिनभर इसी फैसले की चर्चा रही। संभावित आपदा को देखते हुए प्रशासन ने पहले ही सुरक्षा इंतजाम मजबूत कर दिए।
बारिश के बढ़ते खतरे और नदियों के जलस्तर में संभावित वृद्धि को देखते हुए पूरे जिले में अलर्ट जारी किया गया। इसी के तहत स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश रखा गया, जबकि प्रशासन ने लोगों से भी अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की।
कलेक्टर के आदेश पर स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद Mungeli Rain
मौसम विभाग की ओर से अगले 48 से 72 घंटे के दौरान गरज चमक, बिजली गिरने और कहीं कहीं अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी जारी होने के बाद कलेक्टर कुंदन कुमार ने आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा 30 और 34 के तहत आदेश जारी किया। इसके अनुसार 18 जुलाई को जिले के सभी शासकीय, निजी और अनुदान प्राप्त विद्यालयों में कक्षा पहली से बारहवीं तक अवकाश घोषित किया गया। सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन भी बंद रखा गया।
बाढ़ और जलभराव की आशंका को देखते हुए फैसला
प्रशासन ने आदेश में कहा कि संभावित भारी वर्षा के कारण अचानक बाढ़, मनियारी और शिवनाथ नदियों के जलस्तर में वृद्धि, राजीव गांधी खुड़िया जलाशय में अधिक जल आवक तथा शहरी क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। लोगों की सुरक्षा और जनहानि की आशंका को देखते हुए यह निर्णय लिया गया।
शिक्षकों को दिए गए विशेष निर्देश
विद्यालयों में विद्यार्थियों की छुट्टी रहने के बावजूद संस्था प्रमुख, प्राचार्य, शिक्षक और प्रशासनिक कर्मचारियों को विद्यालय में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए। उन्हें विद्यालय की संपत्ति, आवश्यक अभिलेख और संसाधनों को सुरक्षित रखने के साथ जरूरत पड़ने पर स्कूल भवनों को अस्थायी राहत शिविर के रूप में तैयार रखने को कहा गया।
जिला शिक्षा अधिकारी एल पी डाहिरे ने सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों और स्कूल प्रबंधन को आदेश का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिन विद्यालयों में सीपेज या सिलन की समस्या है, वहां विशेष निगरानी रखने और भवनों की स्थिति की जानकारी तत्काल जिला शिक्षा कार्यालय को देने के लिए कहा गया।
लोगों से सतर्क रहने की अपील Mungeli Rain
जिला प्रशासन ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा प्रशासन और मौसम विभाग की ओर से जारी सभी निर्देशों का पालन करने की अपील की है। आपात स्थिति में प्रशासन की आधिकारिक सूचनाओं पर नजर बनाए रखने की भी सलाह दी गई है।
राहत के लिए आगे आया सामाजिक संगठन
भारी बारिश की आशंका के बीच सामाजिक संस्था प्रयास अ स्माल स्टेप फाउंडेशन भी राहत कार्यों के लिए आगे आई है। संस्था ने हेल्पलाइन जारी करते हुए कहा है कि जिन परिवारों का राशन भीग गया हो, मकान क्षतिग्रस्त हो गया हो या वर्षा से जुड़ी किसी अन्य परेशानी का सामना करना पड़ रहा हो, वे सहायता के लिए संपर्क कर सकते हैं।
संस्था के अनुसार प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री, स्वास्थ्य सहायता और अन्य जरूरी सहयोग पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही नागरिकों से भी जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए आगे आने की अपील (Mungeli Rain) की गई है। सहायता के लिए संस्था ने संपर्क नंबर 9300711483 जारी किया है।
