चेन्नई में आज होने वाले मुकाबले से पहले क्रिकेट फैंस के बीच अलग ही माहौल (MS Dhoni) बना हुआ है। सुबह से ही सोशल मीडिया पर महेंद्र सिंह धोनी को लेकर चर्चाएं तेज हैं। चेपॉक स्टेडियम के बाहर भी प्रशंसकों में उत्साह के साथ हल्की बेचैनी दिखाई दे रही है। हर कोई बस यही जानना चाहता है कि क्या आज मैदान पर फिर से धोनी दिखाई देंगे।
सीएसके के घरेलू मुकाबले को लेकर फैंस भावुक भी नजर आ रहे हैं। कई लोगों का मानना है कि अगर आज धोनी खेलते हैं तो यह पल बेहद खास हो सकता है। चर्चा इस बात की भी है कि शायद चेन्नई में उन्हें आखिरी बार पीली जर्सी में देखने का मौका मिले।
चेन्नई में आज सीएसके और हैदराबाद का मुकाबला : MS Dhoni
आईपीएल में आज चेन्नई सुपरकिंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में होना है। इस सीजन अभी तक महेंद्र सिंह धोनी एक भी मैच खेलते नजर नहीं आए हैं। बताया जा रहा है कि वह पिंडली की चोट से जूझ रहे हैं। इसी वजह से कई बार वह टीम के साथ यात्रा पर भी नहीं गए थे।
चेन्नई में सीएसके का आखिरी घरेलू मुकाबला
यह मुकाबला चेन्नई सुपरकिंग्स का इस सीजन अपने घरेलू मैदान पर आखिरी मैच माना जा रहा है। टीम को एक और लीग मुकाबला खेलना है, लेकिन वह अहमदाबाद में होगा।
अगर टीम प्लेऑफ में पहुंचती भी है तो चेन्नई में आगे कोई मुकाबला तय नहीं है। ऐसे में आज का मैच घरेलू दर्शकों के लिए काफी खास माना जा रहा है।
धोनी के पुराने बयान की फिर हो रही चर्चा
कुछ साल पहले महेंद्र सिंह धोनी ने कहा था कि वह अपना आखिरी मुकाबला चेन्नई में खेलना चाहते हैं। अब इसी बयान को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। ऐसे में अगर वह आज मैदान पर उतरते हैं तो फैंस के बीच यह भावना और मजबूत हो गई है कि यह उनका आखिरी आईपीएल मुकाबला भी हो सकता है।
अभ्यास सत्र में नजर आए धोनी
मैच से एक दिन पहले धोनी मैदान पर अभ्यास करते दिखाई दिए। उन्होंने करीब आधे घंटे तक तैयारी की, जिसके बाद उनके खेलने की संभावना को लेकर चर्चाएं और बढ़ गईं। हालांकि अंतिम फैसला टॉस के समय ही साफ होगा, जब चेन्नई के कप्तान रुतुराज गायकवाड मैदान पर आएंगे।
