धान खरीदी महाअभियान : प्रदेश में अब तक 2.78 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान की खरीदी

रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत धान खरीदी महाअभियान सुचारू रूप से जारी है। प्रदेश में 23 नवंबर तक 70 हजार 979 किसानों से 2 लाख 78 हजार 010 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है।

धान खरीदी के दौरान किसानों की सुविधा के लिए ऑनलाइन टोकन प्रणाली लागू की गई है। इसके माध्यम से किसान घर बैठे धान विक्रय की तारीख निर्धारित कर पा रहे हैं। अब तक प्रदेश में पांच लाख से अधिक टोकन जारी किए जा चुके हैं।

23 नवंबर को एक ही दिन में 63 हजार 074 मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई। चालू खरीफ सीजन में 28 लाख से अधिक किसानों ने धान विक्रय के लिए पंजीयन कराया है।

किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष 360 नए धान उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। वर्तमान में प्रदेश के 2461 धान उपार्जन केंद्रों में धान की आवक शुरू हो गई है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि किसानों की मेहनत का सम्मान और उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करना राज्य सरकार की प्रतिबद्धता है। प्रदेश में किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि धान खरीदी के दौरान किसानों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। सभी उपार्जन केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि किसानों को धान बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

राज्य सरकार द्वारा धान खरीदी की प्रक्रिया को पारदर्शी, सरल और किसान हितैषी बनाने के लिए ऑनलाइन टोकन प्रणाली सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

↑
Exit mobile version