रायपुर। करीब 1000 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी (Mahendra Goenka Arrested) के मामले में कोलकाता पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रायपुर के कारोबारी महेंद्र गोयनका को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले डेढ़ से दो साल से फरार चल रहा था। मध्यप्रदेश पुलिस भी उसकी तलाश कर रही थी। गिरफ्तारी के बाद उसे ट्रांजिट रिमांड पर कोलकाता ले जाने की तैयारी की जा रही है।
विधायक परिवार की कंपनियों पर कब्जे का आरोप
जांच एजेंसियों के अनुसार महेंद्र गोयनका (Mahendra Goenka Arrested) पहले यूरो प्रतीक इस्पात इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में प्रमुख प्रबंधकीय पद पर कार्यरत थे। उन पर आरोप है कि उन्होंने करीब 1000 करोड़ रुपये की वित्तीय अनियमितताएं कीं और कंपनी की संपत्तियों तथा माल का कथित रूप से छल-कपट से सौदा किया।
आरोप यह भी है कि फर्जी हस्ताक्षरों और दस्तावेजों के जरिए उन्होंने मध्यप्रदेश के एक विधायक परिवार से जुड़ी कई कंपनियों पर नियंत्रण स्थापित कर लिया।
कोलकाता और मध्यप्रदेश में दर्ज हैं कई केस
इस मामले में कोलकाता पुलिस (Mahendra Goenka Arrested) ने भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 120बी सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। इसी एफआईआर के आधार पर दिल्ली से गिरफ्तारी की गई।
इसके अलावा मध्यप्रदेश के कटनी जिले में भी महेंद्र गोयनका और अन्य निदेशकों के खिलाफ दो अलग-अलग आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। उनके कई सहयोगियों की अग्रिम जमानत याचिकाएं पहले ही अदालत से खारिज हो चुकी हैं।
NCLT के आदेश में भी दर्ज हैं टिप्पणियां
मामले की जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि मुंबई स्थित राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (NCLT) (Mahendra Goenka Arrested) ने 9 मई 2025 के अपने आदेश में महेंद्र गोयनका और उनकी पत्नी मीनू गोयनका के खिलाफ कथित वित्तीय गबन से संबंधित टिप्पणियां दर्ज की थीं। जांच एजेंसियों के अनुसार उनकी एक अन्य कंपनी निसर्ग इस्पात में भी वित्तीय अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं।
कई कारोबारियों और अधिकारियों पर भी पड़ सकती है आंच
जांच एजेंसियों का मानना है कि महेंद्र गोयनका की गिरफ्तारी (Mahendra Goenka Arrested) के बाद पूछताछ में कई अन्य कारोबारियों, कंपनी निदेशकों और अधिकारियों की भूमिका भी सामने आ सकती है। पुलिस अब वित्तीय लेनदेन, कंपनियों के स्वामित्व में बदलाव और दस्तावेजों की जांच कर रही है।
फिलहाल कोलकाता पुलिस आरोपी से पूछताछ की तैयारी कर रही है। माना जा रहा है कि इस मामले में आने वाले दिनों में कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
