Lpg Crisis Indian Railways : LPG संकट का रेलवे पर असर, IRCTC ने कैटरिंग यूनिट्स को माइक्रोवेव-इंडक्शन इस्तेमाल करने के निर्देश दिए

देशभर में एलपीजी सिलेंडर की कमी का असर अब भारतीय रेलवे की खानपान सेवाओं पर भी दिखाई (Lpg Crisis Indian Railways) देने लगा है। हालात को देखते हुए इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) ने अपने कैटरिंग लाइसेंसधारकों को वैकल्पिक व्यवस्था अपनाने के निर्देश दिए हैं।

आईआरसीटीसी ने रेलवे स्टेशनों पर स्थित फूड प्लाजा, रिफ्रेशमेंट रूम और जन आहार आउटलेट्स को कहा है कि एलपीजी की कमी होने पर वे माइक्रोवेव, इंडक्शन या अन्य वैकल्पिक ईंधन का इस्तेमाल कर भोजन तैयार करें, ताकि यात्रियों को भोजन सेवा में किसी तरह की बाधा न आए।

बेस किचन में आ रही सबसे ज्यादा परेशानी

रेलवे अधिकारियों के अनुसार एलपीजी संकट का सबसे ज्यादा असर आईआरसीटीसी के बेस किचन पर पड़ रहा है। इन्हीं किचनों में ट्रेनों के लिए भोजन तैयार किया जाता है और बाद में उसे पेंट्री कारों में भेजा जाता है।

पेंट्री कारों में आमतौर पर एलपीजी सिलेंडर नहीं रखे जाते और उनका इस्तेमाल केवल भोजन को गर्म करने तथा वितरण के लिए किया जाता है। लेकिन बेस किचन में खाना पकाने में आ रही दिक्कतों के कारण लंबी दूरी की ट्रेनों के लिए भोजन तैयार करने की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।

पका हुआ खाना अस्थायी रूप से बंद करने पर भी विचार

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, स्थिति गंभीर होने पर रेलवे कुछ ट्रेनों में अस्थायी रूप से पका हुआ भोजन परोसने की सेवा बंद करने पर भी विचार कर रहा है। ऐसे मामलों में जिन यात्रियों ने पहले से भोजन बुक किया होगा, उन्हें रिफंड देने का विकल्प भी दिया जा सकता है।

मिडिल ईस्ट संकट से बढ़ी समस्या

बताया जा रहा है कि मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और ऊर्जा आपूर्ति में बाधा के कारण एलएनजी और एलपीजी की सप्लाई प्रभावित हुई है, जिसका असर देशभर में महसूस किया जा रहा है।

होटल-रेस्तरां उद्योग भी चिंतित

इससे पहले नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) ने भी चेतावनी दी थी कि अगर कमर्शियल एलपीजी की कमी जारी रही तो बेंगलुरु, पुणे और मुंबई जैसे शहरों में कई होटल और रेस्तरां बंद होने की स्थिति पैदा हो सकती है।

एनआरएआई के अध्यक्ष सागर दरयानी के अनुसार कई रेस्टोरेंट फिलहाल सीमित मेन्यू या अलग-अलग समय पर संचालन जैसे विकल्पों पर विचार कर रहे हैं।

Exit mobile version