प्रदेश सरकार की कृषक उन्नति योजना के तहत खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में धान बेचने वाले किसानों को अंतर राशि प्रदान (Krishak Unnati Yojana CG) की जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 28 फरवरी को बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड के ग्राम रहंगी में आयोजित कार्यक्रम में दोपहर 12 बजे प्रदेशभर के किसानों के खातों में यह राशि अंतरित करेंगे।
कृषि विभाग से मिली जानकारी के अनुसार उत्तर बस्तर कांकेर जिले के 92,493 किसानों के बैंक खातों में कुल 372 करोड़ 67 लाख 20 हजार रुपये की राशि जमा की जाएगी। यह राशि उन किसानों को मिलेगी जिन्होंने खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान समर्थन मूल्य पर धान की बिक्री की है।
बताया गया है कि कांकेर जिले के किसानों द्वारा इस विपणन वर्ष में कुल 50 लाख 98 हजार 696 क्विंटल धान (Krishak Unnati Yojana CG) बेचा गया है। अंतर की यह राशि जिले की 70 बैंक शाखाओं के माध्यम से सीधे किसानों के खातों में जमा की जाएगी।
प्रदेश सरकार का कहना है कि कृषक उन्नति योजना का उद्देश्य किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और कृषि उत्पादन को प्रोत्साहित करना है। प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से राशि सीधे बैंक खातों में पहुंचाने से पारदर्शिता और समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित किया जा रहा है।
किसानों में इस राशि अंतरण को लेकर उत्साह (Krishak Unnati Yojana CG) का माहौल है। कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और निर्धारित तिथि पर राशि अंतरण की प्रक्रिया संपन्न की जाएगी।

