समारोह का नाम खेल से जुड़ा था, लेकिन जो तस्वीरें सामने आईं, उसने पूरे जिले को हैरान कर दिया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही प्रशासन को सख्त कदम उठाना पड़ा।
कोरिया जिले के सोनहत विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पोड़ी में आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट का समापन समारोह (Korea Football Tournament) विवादों में घिर गया है। प्रतियोगिता के बाद स्कूल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में अश्लील नृत्य और आपत्तिजनक गतिविधियों का वीडियो सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रोजगार सहायक जिंदर सोनवानी को सेवा से बर्खास्त कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, समापन समारोह में जिला पंचायत सदस्य शिवकुमारी, भाजपा नेता मनोज साहू और जनपद अध्यक्ष आशा सोनपाकर बतौर अतिथि मौजूद थे। अतिथियों के कार्यक्रम स्थल से रवाना होने के बाद देर रात ‘सांस्कृतिक कार्यक्रम’ के नाम पर फिल्मी गानों पर आपत्तिजनक डांस पार्टी आयोजित (Korea Football Tournament) की गई। इस दौरान खुलेआम अश्लील नृत्य और पैसे लुटाने के दृश्य कैमरे में कैद हो गए, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए।
बताया जा रहा है कि इस डांस कार्यक्रम के लिए कोरबा से एक नाचा पार्टी को बुलाया गया था, जिसके लिए करीब 10 लाख रुपये खर्च किए गए। वीडियो वायरल होने के बाद जिला प्रशासन ने मामले की जांच कराई, जिसमें आयोजन में गंभीर अनियमितताओं और आचार संहिता के उल्लंघन की पुष्टि हुई।
प्रारंभिक जांच के आधार पर रोजगार सहायक जिंदर सोनवानी को तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त (Korea Football Tournament) कर दिया गया है। प्रशासन ने साफ किया है कि सार्वजनिक और शैक्षणिक परिसरों में इस तरह की गतिविधियों को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
