Site icon Navpradesh

Khelo India Tribal Games 2026 : छत्तीसगढ़ खेल महाशक्ति के रूप में नई पहचान करेगा स्थापित : साय

Khelo India Tribal Games 2026

Khelo India Tribal Games 2026

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स-2026 (Khelo India Tribal Games 2026) के आयोजन से आदिवासी अंचलों के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। इससे छत्तीसगढ़ खेल महाशक्ति के रूप में नई पहचान स्थापित करेगा।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय खेल एवं युवा कार्य मंत्री मनसुख मांडविया को प्रदेश में प्रस्तावित पहले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स-2026 के उद्घाटन समारोह में शामिल होने के लिए औपचारिक आमंत्रण दिया है। यह उद्घाटन समारोह 14 फरवरी को राजधानी रायपुर में आयोजित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री साय शुक्रवार को नई दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय खेल मंत्री मांडविया से मिले और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के सफल आयोजन को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय खेल आयोजन की मेजबानी करना छत्तीसगढ़ के लिए गर्व और सम्मान की बात है। यह आयोजन राज्य की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और खेल प्रतिभाओं को देश के सामने लाने का सशक्त माध्यम बनेगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि ट्राइबल गेम्स-2026 के माध्यम से जनजातीय क्षेत्रों के युवा खिलाड़ियों को संगठित मंच मिलेगा, जिससे उनकी प्रतिभा को निखारने और आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेलों को लेकर बुनियादी ढांचे का तेजी से विकास किया जा रहा है और ट्राइबल गेम्स इसके लिए एक मजबूत आधार तैयार करेगा।

मुख्यमंत्री साय ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, तीरंदाजी, कुश्ती, वेटलिफ्टिंग, हॉकी, फुटबॉल और तैराकी जैसी प्रमुख स्पर्धाएं शामिल की जाएंगी। इसके साथ ही दो पारंपरिक खेलों को डेमो इवेंट के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि जनजातीय खेलों की विशिष्ट पहचान राष्ट्रीय स्तर पर सामने आ सके।

उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक समावेशन, अनुशासन और आत्मविश्वास निर्माण का सशक्त जरिया है। ट्राइबल गेम्स के आयोजन से जनजातीय समाज के युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे देश-विदेश में छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगे।

केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया (Khelo India Tribal Games 2026) ने राज्य सरकार की पहल और तैयारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत है तो उन्हें सही मार्गदर्शन और मंच उपलब्ध कराने की। मांडविया ने कहा कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स जैसे आयोजन युवाओं को नई ऊर्जा, प्रेरणा और अवसर प्रदान करते हैं।

केंद्रीय मंत्री ने ट्राइबल गेम्स-2026 (Khelo India Tribal Games 2026) के सफल आयोजन के लिए केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश के लिए जनजातीय खेल प्रतिभाओं को आगे लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।

मुख्यमंत्री साय ने विश्वास जताया कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स-2026 के माध्यम से छत्तीसगढ़ खेलों के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएगा और आदिवासी युवाओं के लिए यह आयोजन भविष्य के नए द्वार खोलेगा।

Exit mobile version