छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रदेश में पर्यावरण-अनुकूल पर्यटन और आधुनिक सुविधाओं को बढ़ावा देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम (Jungle Safari) उठाया गया। आज नंदनवन जू एवं जंगल सफारी, नवा रायपुर में वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने 07 आधुनिक इलेक्ट्रिक बसों, 05 इलेक्ट्रिक जिप्सियों, नई नौकायन सेवा तथा सुविधा-सह-स्मृति चिन्ह (सोवेनियर) शॉप का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हरित ऊर्जा एवं सतत विकास के विजन तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक पर्यटन सुविधाओं के विकास हेतु लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि नंदनवन में शुरू की गई यह नई सुविधाएं प्रदेश को इको-टूरिज्म के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएंगी।
वनमंत्री केदार कश्यप ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों एवं इलेक्ट्रिक जिप्सियों के संचालन से न केवल प्रदूषण में कमी आएगी, बल्कि ईंधन की बचत और पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती (Jungle Safari) मिलेगी। नई नौकायन सेवा से पर्यटकों को बेहतर अनुभव प्राप्त होगा, वहीं सोवेनियर शॉप स्थानीय हस्तशिल्प और उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय लोगों, विशेषकर महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करेगी।
उन्होंने कहा कि पीपीपी मॉडल आधारित यह पहल राज्य सरकार की दूरदर्शी सोच का परिणाम है, जिसके माध्यम से निजी सहभागिता के साथ पर्यटन अधोसंरचना को आधुनिक बनाया जा रहा है। आने वाले समय में नंदनवन जू एवं जंगल सफारी देश के प्रमुख पर्यटन केंद्रों में शामिल होगा।
कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों ने बताया कि इस पहल के तहत आगामी महीनों में करोड़ों रुपये के निवेश और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन की संभावनाएं (Jungle Safari) भी बढ़ेंगी। नई सुविधाओं से पर्यटकों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं आधुनिक अनुभव मिलेगा तथा छत्तीसगढ़ का पर्यटन क्षेत्र और अधिक सशक्त होगा।
