भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा आगामी 22 दिसंबर को जांजगीर जिले के प्रवास पर रहेंगे। छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार के सफलतापूर्वक दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के तहत वे पुलिस ग्राउंड, जांजगीर (हेलीपेड खोखरा) में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।
यह कार्यक्रम राजनीतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिसमें प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। जांजगीर में जेपी नड्डा का जांजगीर दौरा (JP Nadda Janjgir Visit) भाजपा संगठन के लिए शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।
इस भव्य कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष, राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, प्रदेश, संभाग एवं जिला स्तर के संगठन पदाधिकारी तथा हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल होंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन को लेकर प्रशासन और पार्टी संगठन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है।
जिला प्रशासन और भाजपा नेताओं की संयुक्त टीम द्वारा पुलिस ग्राउंड एवं हेलीपेड स्थल का निरीक्षण किया गया, जहां सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, मंच निर्माण, पार्किंग, बिजली-पानी और भीड़ नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित इस राज्य स्तरीय आयोजन में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति को मंच मिलेगा। सुप्रसिद्ध लोक कलाकार एवं पद्मश्री अनुज शर्मा प्रातः 11 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति देंगे, जिससे आयोजन में सांस्कृतिक रंग भी घुलेगा।
भाजपा संगठन का मानना है कि जेपी नड्डा का जांजगीर दौरा (JP Nadda Janjgir Visit) न केवल सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा, बल्कि आगामी राजनीतिक रणनीति की दृष्टि से भी अहम साबित होगा। जिले में इस आयोजन को लेकर उत्साह का माहौल है और व्यापक स्तर पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
