IVF Centre FIR : ढाई साल बाद खुली परतें, सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप से दर्ज हुई FIR, आईवीएफ सेंटर पर गंभीर आरोप
IVF Centre FIR
छत्तीसगढ़ की राजधानी में स्थित रायपुर के पहलाजनी टेस्ट ट्यूब बेबी एंड सरोगेसी सेंटर और माता लक्ष्मी नर्सिंग होम के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज (IVF Centre FIR) कर ली है। यह कार्रवाई Supreme Court of India के स्पष्ट निर्देश के बाद की गई है। अस्पताल प्रबंधन पर डिलीवरी के बाद नवजात बच्चों की अदला-बदली का बेहद गंभीर आरोप लगाया गया है।
बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार ने पहले इस मामले को हाई कोर्ट में उठाया था, लेकिन राहत न मिलने पर सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। करीब ढाई साल बाद अब सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने औपचारिक रूप से केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला
दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले के बचेली निवासी अशोक कुमार सिंह और उनकी पत्नी उषा सिंह वर्ष 2022 में रायपुर के अनुपम नगर स्थित माता लक्ष्मी नर्सिंग होम पहुंचे (IVF Centre FIR) थे। यहां संचालित पहलाजनी टेस्ट ट्यूब बेबी एंड सरोगेसी सेंटर में डॉक्टरों ने आईवीएफ प्रक्रिया के जरिए संतान प्राप्ति का भरोसा दिलाया।
अक्टूबर 2022 में पहली बार आईवीएफ प्रक्रिया कराई गई, जिसमें उषा सिंह गर्भवती हुईं, लेकिन स्वास्थ्य कारणों से दिसंबर 2022 में गर्भपात कराना पड़ा। इसके बाद अप्रैल 2023 में दूसरी बार आईवीएफ प्रक्रिया की गई। जांच में गर्भ में जुड़वा बच्चों की पुष्टि हुई।
डिलीवरी के बाद बढ़ा शक
परिजनों का आरोप है कि 25 दिसंबर 2023 को बिना जानकारी दिए उषा सिंह को ऑपरेशन थिएटर ले जाया गया। डिलीवरी के बाद उषा ने बताया कि उन्होंने एक लड़का और एक लड़की को जन्म दिया है, लेकिन कुछ समय बाद जो नवजात सौंपे गए, वे अलग प्रतीत हुए। परिजनों ने बच्चों की अदला-बदली का आरोप लगाया।
जब सवाल उठाए गए तो इलाज कर रहे डॉक्टर डॉ. नीरज पहलाजनी और डॉ. समीर पहलाजनी ने इसे गलतफहमी (IVF Centre FIR) बताया। हालांकि संदेह गहराने पर अशोक कुमार सिंह ने निजी एजेंसी के माध्यम से डीएनए जांच कराई, जिसके बाद मामला अदालत तक पहुंच गया।
अब किनकी होगी जांच
सुप्रीम कोर्ट ने एफआईआर दर्ज होने के साथ-साथ माता लक्ष्मी नर्सिंग होम, पहलाजनी आईवीएफ सेंटर, उसके संचालकों, संबंधित चिकित्सकों और पैथोलॉजी लैब Metropolis Pathology Lab की भूमिका की भी विस्तृत जांच करने के निर्देश दिए हैं। अब पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ी-दर-कड़ी पड़ताल करेगी।
