भारत-पाकिस्तान मुकाबले में धमाकेदार पारी खेलने वाले भारतीय सलामी बल्लेबाज ईशान किशन ने अब ICC रैंकिंग में भी बड़ा धमाका (Ishan Kishan ICC Ranking) कर दिया है। ताजा ICC Men’s T20I Player Rankings में ईशान किशन ने 17 पायदान की लंबी छलांग लगाते हुए सीधे टॉप-10 में जगह बना ली है। वह अब आठवें स्थान पर पहुंच गए हैं।
15 फरवरी को पाकिस्तान के खिलाफ खेली गई उनकी मैच जिताऊ पारी ने रैंकिंग में यह बड़ा उछाल दिलाया। उस मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ भी चुना गया था। पाकिस्तानी गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक अंदाज में रन बटोरने का फायदा उन्हें सीधा रैंकिंग में मिला।
अभिषेक शर्मा नंबर-1 पर कायम
भारतीय बल्लेबाज अभिषेक शर्मा हालिया प्रदर्शन पर उठे सवालों के बावजूद T20I बल्लेबाजों की रैंकिंग में नंबर-1 स्थान पर बने (Ishan Kishan ICC Ranking) हुए हैं। इंग्लैंड के फिल साल्ट दूसरे स्थान पर हैं।
श्रीलंका के पथुम निसंका ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कैंडी में शतक जड़कर तीन स्थान की छलांग लगाई और तीसरे नंबर पर पहुंच गए। वहीं भारत के तिलक वर्मा भी एक स्थान ऊपर चढ़कर चौथे पायदान पर पहुंच गए हैं।
पाकिस्तान और इंग्लैंड को झटका
पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान दो स्थान नीचे खिसककर पांचवें नंबर पर आ गए हैं। इंग्लैंड के जोस बटलर को तीन स्थान का नुकसान हुआ है और अब वह सातवें पायदान पर हैं।
न्यूजीलैंड के टिम सीफर्ट और ऑस्ट्रेलिया के ट्रैविस हेड को भी एक-एक स्थान का नुकसान हुआ है, हालांकि दोनों अब भी टॉप-10 में बने हुए हैं – सीफर्ट नौवें और हेड दसवें स्थान पर हैं।
गेंदबाजों और ऑलराउंडर्स में भी कड़ी टक्कर
T20I गेंदबाजों की रैंकिंग में अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान एक स्थान ऊपर चढ़कर दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं और भारतीय स्पिनर वरुण चक्रवर्ती के बेहद करीब हैं, जो फिलहाल शीर्ष पर हैं।
जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्रैड इवांस ने लगातार दो मैचों में तीन-तीन विकेट लेकर 10 स्थान की छलांग (Ishan Kishan ICC Ranking) लगाई और पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं। ऑलराउंडर्स की सूची में पाकिस्तान के सैम अयूब ने जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा को पीछे छोड़ते हुए नंबर-1 स्थान हासिल कर लिया है।
भारत के लिए यह रैंकिंग अपडेट बेहद उत्साहजनक है, क्योंकि टॉप-10 में एक साथ कई भारतीय बल्लेबाजों की मौजूदगी टीम की मजबूत बल्लेबाजी लाइनअप का संकेत दे रही है।
