बिलासपुर जिले में ऑनलाइन शॉपिंग साइट के माध्यम से धारदार हथियारों की डिलीवरी (Illegal Weapon Delivery) की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। शहर के तारबाहर, सिविल लाइन, सरकंडा और चकरभाठा थाना क्षेत्र में संचालित ऑनलाइन शॉपिंग साइट के गोदामों और बड़े रिटेल स्टोर्स पर एक साथ दबिश दी गई। इस दौरान पुलिस टीम ने कई गोदामों से बड़ी संख्या में धारदार चाकू जब्त किए।
एएसपी पंकज पटेल ने बताया कि जिले में ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए धारदार हथियार (Illegal Weapon Delivery) मंगवाए जाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इस पर एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर अलग-अलग थाना क्षेत्रों की संयुक्त टीम गठित कर कार्रवाई की गई। पुलिस ने निर्धारित गोदामों में पहुंचकर स्टॉक की जांच की, जहां कुछ वेयरहाउस में प्रतिबंधित श्रेणी में आने वाले धारदार चाकू पाए गए।
पुलिस ने मौके पर ही सभी धारदार हथियार जब्त कर लिए और संबंधित गोदाम प्रबंधकों को पूछताछ के लिए तलब किया। इसके बाद सभी प्रबंधकों को एसएसपी कार्यालय बुलाकर ऑनलाइन ऑर्डर के माध्यम से हथियारों की बिक्री और डिलीवरी को लेकर सख्त हिदायत दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में यदि ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म के जरिए किसी भी प्रकार के धारदार हथियार की डिलीवरी पाई गई, तो संबंधित गोदाम, प्रबंधन और जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक सुरक्षा को देखते हुए इस तरह की वस्तुओं की ऑनलाइन बिक्री पर कड़ी नजर रखी जा रही है और आगे भी अभियान जारी रहेगा।
इस कार्रवाई के बाद शहर में ऑनलाइन शॉपिंग साइट्स के गोदाम संचालकों में हड़कंप की स्थिति है। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी भी प्लेटफॉर्म से अवैध या संदिग्ध सामग्री की डिलीवरी की जानकारी मिले, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
