Gold Demand India : पहली तिमाही में देश में सोने की मांग 6% घटी, कीमतों के बावजूद रिकॉर्ड रहा कारोबार

भारत में अप्रैल-जून 2026 की तिमाही के दौरान सोने की मांग (Gold Demand India) में 6 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। विश्व स्वर्ण परिषद (डब्ल्यूजीसी) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार कुल मांग घटकर 131.4 टन रह गई, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह 139.7 टन थी। हालांकि, ऊंची कीमतों के कारण सोने की कुल खपत का मूल्य 1.98 लाख करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।

कस्टम ड्यूटी और कम खरीद की अपील का असर Gold Demand India

विश्व स्वर्ण परिषद (डब्ल्यूजीसी) की ‘क्यू2 2026 गोल्ड डिमांड ट्रेंड्स‘ रिपोर्ट के मुताबिक, खराब मौसम, अधिक कस्टम ड्यूटी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सोने की खरीद कम करने की अपील का असर मांग पर पड़ा। इन कारणों से सोने की मांग (Gold Demand India) में गिरावट दर्ज की गई।

डब्ल्यूजीसी के भारत स्थित मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सचिन जैन ने कहा कि मांग मात्रा के लिहाज से घटी जरूर है, लेकिन मूल्य के लिहाज से रिकॉर्ड स्तर पर रही। अप्रैल-जून तिमाही में सोने की खपत का कुल मूल्य 1,98,100 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वर्ष की समान अवधि के 1,32,500 करोड़ रुपये की तुलना में लगभग 50 प्रतिशत अधिक है।

आभूषणों की मांग में बड़ी गिरावट

रिपोर्ट के अनुसार सोने के आभूषणों (Gold Jewellery Demand) की मांग 15 प्रतिशत घटकर 75.1 टन रह गई। पिछले वर्ष इसी अवधि में यह 88.8 टन थी। दूसरी ओर निवेश के उद्देश्य से खरीदे जाने वाले सोने के बिस्कुट और सिक्कों की मांग 9 प्रतिशत बढ़कर 50.3 टन पहुंच गई।

वैश्विक स्तर पर निकासी के बावजूद भारत के गोल्ड ईटीएफ (Gold ETF) में 4.2 टन का शुद्ध निवेश दर्ज किया गया। वहीं पुराने सोने के बदले नया आभूषण खरीदने की मात्रा 17 प्रतिशत घटकर 19.2 टन रह गई।

सोना आयात भी 23 प्रतिशत घटा Gold Import India

अप्रैल-जून 2026 के दौरान भारत का कुल सोना आयात (Gold Import India) घटकर 98.1 टन रह गया, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह 127.4 टन था। यानी आयात में 23 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

इस दौरान आयात शुल्क और जीएसटी को छोड़कर सोने की औसत कीमत 1,50,744.8 रुपये प्रति 10 ग्राम रही, जबकि पिछले वर्ष यह 94,875.9 रुपये थी।

आरबीआई ने खरीदा 200 किलोग्राम सोना

रिपोर्ट के मुताबिक अप्रैल-जून तिमाही के दौरान भारतीय रिजर्व बैंक (RBI Gold Reserve) ने अपने भंडार में 200 किलोग्राम सोना जोड़ा। केंद्रीय बैंकों की लगातार खरीद वैश्विक स्तर पर सोने की कीमतों को समर्थन दे रही है।

पूरे साल 650-750 टन मांग का अनुमान

डब्ल्यूजीसी के सीईओ सचिन जैन ने कहा कि वर्ष 2026 में भारत की कुल सोने की मांग (Gold Demand India) 650 से 750 टन के बीच रहने का अनुमान है। यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों में और गिरावट आती है तथा आयात शुल्क कम किया जाता है, तो मांग इस अनुमान के ऊपरी स्तर तक पहुंच सकती है।

वैश्विक मांग रही लगभग स्थिर

वैश्विक स्तर पर अप्रैल-जून तिमाही में सोने की मांग (Global Gold Demand) लगभग स्थिर रही और 1,269 टन दर्ज की गई। जनवरी-जून 2026 की पहली छमाही में वैश्विक मांग 2 प्रतिशत बढ़कर 2,522 टन रही, जबकि इसका कुल मूल्य लगभग 3,800 करोड़ डॉलर रहा। हालांकि दूसरी तिमाही में गोल्ड ईटीएफ, सोने के बिस्कुट और सिक्कों में निवेश घटकर 262 टन रह गया।

Exit mobile version